उफ्फ! मासूम के साथ ऐसी हैवानियत, सिर पर 20 जगह किया वार

उफ्फ! मासूम के साथ ऐसी हैवानियत, सिर पर 20 जगह किया वार

उफ्फ! मासूम के साथ ऐसी हैवानियत, सिर पर 20 जगह किया वार
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jun 22, 2026, 2:08:00 PM

राज्य के बांका जिले से दिल को दहला देने वाली खबर है। यहां पहली कक्षा में पढने वाले छात्र के साथ हैवानियत की गयी है। मासूम के साथ ऐसा बर्ताव किया गया है, जिसे देखने के बाद कलेजा बाहर निकल जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। 

मिली जानकारी के अनुसार जिले के बौंसी स्थित माउंट कार्मेल पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के एक छात्र पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। गंभीर रूप से घायल छात्र का भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल छात्र आनंद कुमार कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव का रहने वाला है। वह पहली कक्षा का छात्र है और करीब एक माह पूर्व ही उसे पढ़ाई के लिए स्कूल के हॉस्टल में रखा गया था। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह हॉस्टल प्रशासन की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे की गंभीर हालत देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि आनंद के सिर, चेहरे और गले पर गहरे जख्म हैं। उनका कहना है कि बच्चे के सिर पर धारदार हथियार से 20 से अधिक वार किए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले बांका रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेज दिया। वर्तमान में वह आईसीयू में भर्ती है और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

परिजनों ने बताया कि हॉस्टल के एक छात्र से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे आनंद अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान उसे कमरे से बाहर ले जाकर हॉस्टल की छत पर बने बाथरूम के पास ले जाया गया। सोमवार सुबह करीब पांच बजे अन्य छात्रों ने उसे बाथरूम के अंदर लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद हॉस्टल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि पूरे मामले में कई सवाल अनुत्तरित हैं और घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं मासूम छात्र जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

बांका से दीपक कुमार की रिपोर्ट