अनंत सिंह की बेटी की शादी से लौट रहे बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियां हादसे का शिकार

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से बडी खबर है। यहां सैयदराजा विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियां सोमवार बीती देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गईं।

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से बडी खबर है। यहां सैयदराजा विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियां सोमवार बीती देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गईं। सुशील सिंह मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी समारोह से चंदौली वापस लौट रहे थे। घटना में काफिले की दो से तीन गाड़ियां (जिनमें फॉर्च्यूनर शामिल हैं) क्षतिग्रस्त हुईं और एक गाड़ी सड़क पर पलट गई। इस हादसे में विधायक सुशील सिंह सुरक्षित बताये जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बिहार के मोकाम से से उत्तर प्रदेश लौट रहे बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियां बीती देर रात चंदौली में नेशनल हाईवे-19 (फुटिया और जगदीशसराय के पास) हादसे का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि विधायक मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में काफिले में शामिल एक युवक और स्कॉर्पियो सवार तीन लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार काफिले के वाहनों को टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो में सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना के बाद एक मीडिया एजेंसी से बात करते हुए विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए किसी सुनियोजित साजिश या हमले की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर, स्कॉर्पियो सवार युवकों ने इसे महज एक सड़क दुर्घटना बताया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।