बोकारो स्टील प्लांट में क्रिकेट का जुनून एक बार फिर सिर चढ़कर बोलने लगा है। बीएसएल के नॉन एग्जीक्यूटिव कर्मचारियों के लिए आयोजित बहुप्रतीक्षित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट ‘स्टील चैंपियंस ट्रॉफी’ का रविवार को सेक्टर-4 क्रिकेट स्टेडियम में भव्य आगाज हुआ। पिछले चार वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए डिप्लोमा इंजीनियरों द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में इस बार कुल 33 टीमें और 462 कर्मचारी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
बीएसएल के 32 विभागीय टीमों के साथ चासनाला माइंस की टीम भी मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि डायरेक्टर इंचार्ज प्रियरंजन ने किया। मौके पर बीएसएल के कई अधिशासी निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान के बाद मुकाबले शुरू हुए। सभी लीग मैच 12 ओवर तथा सेमीफाइनल और फाइनल 14 ओवर के होंगे।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट