बिहार विधानसभा में सम्राट सरकार ने शुक्रवार फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच खूब आरोप पलटवार हुआ। सदन से निकलने के बाद तेजस्वी यादव ने एक बार फिर एनडीए सरकार और सम्राट चौधरी पर हमला बोला। साथ बीजेपी पर नीतीश कुमार के साथ साजिश करने का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और नए सीएम बनने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार में पांच साल में पांच सरकार बनी। सरकार बनी और फिर नई सरकार बनी। निशांत ने भी कहा था कि अमित अंकल बोले हैं कि नीतीश कुमार 30 तक रहेंगे कोई दिक्कत नहीं है।
तेजस्वी ने कहा कि अगर नीतीश कुमार को जाना ही होता तो वह खुद चुनाव के समय बोल सकते थे कि चुनाव के बाद हम चले जाएंगे लेकिन चुनाव में कभी उन्होंने यह बात नहीं बोला बल्कि हम लोग ही बोल रहे थे कि बीजेपी उनको सीएम की कुर्सी पर नहीं रहने देगी।
नेता प्रतिपक्ष ने बीजेपी पर साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि अंदर ही अंदर दबाव डालकर, टॉर्चर कर के और बेईज्जत कर के नीतीश कुमार को भगाया। इस बात को कौन नहीं जानता है। इससे पहले सदन में भी तेजस्वी ने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर बने नहीं रहने दिया और बीजेपी वालों ने नीतीश जी को फिनिश कर दिया। ''25 से 30, फिर से नीतीश'' वाला नारा झूठा साबित हुआ।