नीतीश कुमार से मिले विजय सिन्हा, चिराग पासवान ने सीएम सम्राट से की मुलाकात, गिरिराज सिंह भी पहुंचे

बिहार की सियासत में मुलाकातों का सिलसिला जारी रहा। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी सीएम सम्राट चौधरी से मिले।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 23, 2026, 1:58:00 PM

बिहार की सियासत में मुलाकातों का सिलसिला जारी रहा। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी सीएम सम्राट चौधरी से मिले। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पटना में 1अणे मार्ग स्थित लोकसेवक आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इन मुलाकातों को लेकर सियासी गालियारे में अलग अलग मायने निकाले जा रहे हैं। 

दरअसल बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजधानी पटना स्थित सात सर्कुलर रोड पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात को शिष्टाचार और राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार से स्नेहिल मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने नीतीश कुमार के अनुभव और नेतृत्व की सराहना की है। कृषि मंत्री ने कहा कि उनका जनकल्याण के प्रति समर्पण प्रेरणादायी है।  बैठक के दौरान राज्य के विकास और सुशासन पर चर्चा हुई। डबल इंजन सरकार की गति और योजनाओं पर भी बातचीत हुई।  वहीं विजय सिन्हा ने बताया कि देर शाम 03, स्टैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल जी का आगमन हुआ। इस अवसर पर पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि  पटना में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से मुलाकात कर अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में बिहार सरकार द्वारा #NIFTEM के लिए 100 एकड़ भूमि हस्तांतरण किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग क्षेत्र को सशक्त बनाने, उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश के बेहतर वातावरण के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बिहार में निवेश की इच्छुक कई उद्योग इकाइयों को सुरक्षा एवं अनुकूल माहौल का भरोसा कैसे दिया जाए, इस विषय पर भी गंभीर चर्चा की गई।

चिराग ने कहा कि इसके अतिरिक्त बिहार सरकार द्वारा प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु आगामी 5 वर्षों में 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति किए जाने तथा प्रत्येक वर्ष लगभग 20 हजार शिक्षकों की बहाली के निर्णय के लिए भी माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। शिक्षकों की भर्ती को लेकर हाल के दिनों में जो चिंताएं और आक्रोश सामने आए थे, उस विषय पर मैंने पूर्व में भी माननीय मुख्यमंत्री जी से चर्चा की थी। आज इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए उनका विशेष धन्यवाद दिया।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पटना में 1अणे मार्ग स्थित लोकसेवक आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। बेगूसराय की लंबित विकास परियोजनाओं पर अहम चर्चा हुई। क्षेत्र में सड़क, आधारभूत संरचना और विकास कार्यों को तेज करने पर जोर है। दोनों नेताओं ने बेगूसराय के समग्र विकास को नई गति देने पर मंथन किया। राजनीतिक गलियारों में मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।