पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर राजनीति तेज हो गई है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही इस मामले का पूरा सच सामने आएगा। सीबीआई जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। साथ ही तेजस्वी यादव ने दोषियों पर एक्शन लेने की बात भी कही है।
तेजस्वी यादव ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए सीएम सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। सोशल मीडिया एक्स पर तेजस्वी यादव ने लिखा है-सर्वविदित है कि विगत दिनों पहले बिहार की राजधानी स्थित दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद उपरांत कथित रूप से मारपीट तोड़फोड़ एवं गोलीबारी की घटना घटित हुई। जिसमें दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए तथा कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की खबर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है।
तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आगे लिखा है-इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लग रहे है। मुख्यमंत्री से पत्र लिख अनुरोध किया है कि जनभावना को देखते हुए इस मामले को CBI के सुपुर्द कर दिया जाए। जिससे कि इसकी निष्पक्ष, प्रभावी एवं गहराई से जांच हो सके तथा जांचोपरांत दोषी आरोपियों पर समुचित विधिसंगत कार्रवाई सुनिश्चित हो।
तेजस्वी यादव का कहना है कि इस पूरे मामले में सरकार और बिहार पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक हुई कार्रवाई से लोगों के मन में संदेह पैदा हुआ है। ऐसे में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए इस मामले को सीबीआई के हवाले किया जाना चाहिए। वहीं कोचिंग विवाद के बीच जेल से बाहर निकलने के बाद रौशन आनंद सर ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुझे साजिश के तहत फंसाया गया। रौशन आनंद ने कहा कि खान सर ने मेरे भाई की हत्या करवाई। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि जेल में मेरी हत्या की कोशिश की गई।
बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पटना में खान कोचिंग संस्थान से जुड़े विवादित मामले में ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया था। अपने मित्र के साथ नेपाल चले गए थे। बताया जाता है कि शनिवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।