तेजस्वी के साथ आए नीतीश के नेता, रौशन सर के भाई की मौत पर डिप्टी CM-संजय झा क्या बोले? सच्चाई सामने आएगी....

पटना के ज्ञान ब‍िंदु कोच‍िंग के डायरेक्‍टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत पर राजनीति तेज हो गई है। तेजस्वी यादव के बाद अब जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि सच्चाई सामने आएगी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 16, 2026, 4:25:00 PM

पटना के ज्ञान ब‍िंदु कोच‍िंग के डायरेक्‍टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव  की संदिग्ध मौत पर राजनीति तेज हो गई है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। वहीं अब जदयू की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि सच्चाई सामने आएगी। प्रिंस यादव मामले में सरकार निष्पक्ष जांच कराएगी। 

रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और बिहार सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच कराएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच के बाद "दूध का दूध और पानी का पानी" हो जाएगा और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।  जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि नेपाल में दिवंगत हुए प्रिंस यादव के परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद उचित कार्रवाई होगी।

वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मामले की जांच जारी है। सरकार घटना की तह तक जाकर वास्तविक दोषियों की पहचान करेगी और उन्हें कानून के हवाले किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी आज जदयू ऑफिस में जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना।

इससे पहले बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही इस मामले का पूरा सच सामने आएगा। सीबीआई जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। साथ ही तेजस्वी यादव ने दोषियों पर एक्शन लेने की बात भी कही है।

बता दें कि रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पटना में खान कोचिंग संस्थान से जुड़े विवादित मामले में ज्ञान बिंदु अकादमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया था। अपने मित्र के साथ नेपाल चले गए थे। बताया जाता है कि शनिवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।