नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सोमवार, 27 जुलाई को महागठबंधन प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे। राजद की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के द्वारा कल दिनांक 27 जुलाई 2026 को महागठबंधन प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया जाएगा।
राजद प्रवक्ता ने आगे बताया कि रोड शो का शुभारंभ 27 जुलाई को 1:00 दिन से प्रधान चुनाव कार्यालय मीठापुर से करेंगे। इसके बाद चांदपुर बेला, सिपारा, बिग्रहपुर, पोस्टल पार्क, चिरैया ट्रांड पुल, गोरिया टोली, लालजी टोला, पीर मुहानी (उमा सिनेमा), आयुर्वैदिक कॉलेज से लोहानीपुर, साहित्य सम्मेलन, दरियापुर, खेतान मार्केट, बिरला मंदिर, सब्जी बाग चौराहा पर समापन होगा। उन्होंने बताया कि रोड शो में विभिन्न जगहों पर लोगों से मिलेंगे और रेखा गुप्ता की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए लोगों से अपील करेंगे।
तीन सप्ताह बाद तेजस्वी यादव विदेश यात्रा से दिल्ली लौटे और आज पटना पहुंचे। अब वो चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। बांकीपुर उपचुनाव के राजद के रोड शो में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के शामिल होने से नेताओं और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ेगा। पार्टी ने बांकीपुर से आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में 27 और 28 जुलाई को तेजस्वी यादव के दो दिवसीय रोड शो की रूपरेखा तैयार की है, जिसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। चुनाव प्रचार के अंतिम क्षणों में कार्यकारी अध्यक्ष की सक्रियता से आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इस चर्चित सीट पर 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे, जबकि चुनाव प्रचार 28 जुलाई की शाम को थम जाएगा। ऐसे में प्रचार के आखिरी 48 घंटों में तेजस्वी का उतरना आरजेडी का सबसे बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है।
बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करीब तीन सप्ताह तक बिहार से बाहर रहने के बाद रविवार को मां राबड़ी देवी के साथ पटना पहुंचे। बिहार पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप और आंदोलनकारी छात्रों की गिरफ्तारी पर सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छात्रों और आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो राजद बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। छात्रों को अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने का अधिकार है।
बतातें चलें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। मुख्य मुकाबला 3 ही दलीय प्रत्याशियों के बीच है। इनमें भाजपा के नीरज कुमार, राजद की रेखा कुमारी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर मैदान में हैं। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने से रिक्त हुई है। चूंकि नितिन नवीन लगातार 5 बार से यहां से विधायक निर्वाचित होते रहे हैं, इसलिए भाजपा का दावा है कि उपचुनाव में भी उसकी जीत निश्चित है। सीजेपी के आंदोलन के बाद केंद्र सरकार जिस तरह आंदोलनकारियों के आगे नतमस्तक हुई है, उससे भाजपा के कट्टर समर्थकों का मनोबल कमजोर हुआ है। इसका असर चुनाव में कितना होता है, यह नतीजों से पता चलेगा।