बीपीएससी (BPSC) TRE 4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए। जिसको लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आयी है। लाठीचार्ज पर तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि अपने-अपने बच्चे को मंत्री बना लो और युवाओं पर लाठी चला दो!
तेजस्वी यादव ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा है-अपने-अपने बच्चे को मंत्री बना लो, युवाओं पर लाठी चला दो! बिहार में यही हो रहा है। NDA के नेताओं ने बिना चुनावी प्रक्रिया में भागीदार किये, अपने बच्चों को मंत्री बना दिया। लेकिन बिहार के लाखों युवा, जिन्होंने सालों मेहनत कर पढ़ाई की है, उनसे चुनाव से पूर्व NDA के नेताओं द्वारा वादा किया गया था कि TRE-4 की वैकेंसी जारी की जाएगी। लेकिन सरकार गठन के 6 महीने बाद भी TRE-4 का विज्ञापन नहीं निकला है। उल्टे वैकेंसी की मांग करने पर लाठियां बरसाई जा रही है।
तेजस्वी आगे लिखते हैं-बिहार के युवाओं से इतनी नफरत क्यों है NDA सरकार को? क्यों उन पर अत्याचार किया जा रहा है? वे तो बस वादा निभाने के लिए कह रहे हैं, जिस वादे के आधार पर उनसे वोट मांगा गया था? ये युवा बस अपना अधिकार मांग रहे हैं, वे केवल परीक्षा आयोजित करने के लिए कह रहे हैं। ताकि अपनी प्रतिभा दिखा सके। लेकिन रोजगार विरोधी ये सरकार कर रही है अत्याचार, NDA की युवाओं से वादाखिलाफी नहीं भूलेगा बिहार।
बता दें कि BPSC TRE 4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी आज पटना में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान कई छात्रों को चोट लगने की भी सूचना है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पटना के जेपी गोलंबर पर अभ्यर्थियों का हंगामा हुआ है। अभ्यर्थियों ने विज्ञापन जारी करने की मांग की है और पुराने पैटर्न पर परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।