राजद ने अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा का मसला दिल्ली पहुंचा दिया है। राजद के 5 सांसदों ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर तेजस्वी की सुरक्षा में कटौती पर सवाल उठाए।
राजद सांसद अभय कुमार कुशवाहा ने शाह से पूछा कि भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेताओं को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। पर राजद के सबसे बड़े नेता तेजस्वी यादव की सुरक्षा जेड श्रेणी से घटाकर वाई प्लस कर दी गई है। वे लगातार पूरे देश में घूमते हैं। बिहार में भी लोगों के बीच जाते रहते हैं। दो बार डिप्टी सीएम रहे हैं और अभी बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (कैबिनेट मंत्री के दर्जा) हैं। उनकी सुरक्षा के लिए फिर से जेड श्रेणी बहाल की जाए।
सांसद अभय कुमार कुशवाहा ने बताया कि पूरी बात सुनने के बाद गृहमंत्री ने इस मसले पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। गृहमंत्री से मिलने वाले सांसदों में प्रेमचंद गुप्ता, संजय यादव, डॉ. मीसा भारती और सुधाकर सिंह शामिल रहे।