गोपालगंज दुष्कर्म पर तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा, बोले- संभलो तंत्र से जीती सरकार, करो अपराधी दानवों का संहार, बचाओ बेटियों की जान

गोपालगंज में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 27, 2026, 4:54:00 PM

गोपालगंज में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस घटना पर राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

तेजस्वी यादव ने इस घटना को पूरे बिहार के लिए आपातकालीन परिस्थिति बताते हुए कहा है कि एनडीए शासन में राज्य की बेटियां पूरी तरह असुरक्षित हो चुकी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि गोपालगंज में एक बार फिर डेढ़ साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सामने आई है, जो बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि सत्ता-संरक्षित अपराधियों द्वारा रोज़ हो रही आपराधिक घटनाएं अब असहनीय, पीड़ादायक, डरावनी और सिहरन पैदा करने वाली बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

राजद नेता ने एनडीए सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मशीन और मशीनरी के दम पर सत्ता में आई मदमस्त सरकार को अब नींद से जागना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के नेता और मंत्री विपक्ष पर बयानबाजी करने के बजाय जनहित से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दें। खासकर बदहाल शिक्षा व्यवस्था, चरमराती स्वास्थ्य सेवाएं और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्‍होंने लिखा है-संभलो तंत्र से जीती सरकार करो अपराधी दानवों का संहार बचाओ बेटियों की जान। इस बयान के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है और विपक्ष सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग कर रहा है