तेजस्वी पर विधायकों का विश्वास नहीं, अविलम्ब नेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा दें: प्रेम रंजन पटेल

प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने Tejashwi Yadav और उनके नेतृत्व की वास्तविक स्थिति को साफ तौर पर सामने ला दिया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 17, 2026, 6:44:00 PM

प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने Tejashwi Yadav और उनके नेतृत्व की वास्तविक स्थिति को साफ तौर पर सामने ला दिया है। राजद द्वारा बिना पर्याप्त संख्या बल के उम्मीदवार उतारने का फैसला न केवल एक राजनीतिक गलती साबित हुआ, बल्कि इससे पार्टी की रणनीतिक कमजोरी भी उजागर हुई है। यह निर्णय दर्शाता है कि नेतृत्व स्तर पर ठोस योजना और यथार्थ का आकलन करने में कमी रही।

नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी यादव ने बार-बार बड़े दावे किए—कभी सरकार बनाने की तारीख और समय तक घोषित कर दिया, तो कभी बहुमत होने का दावा किया। लेकिन राज्यसभा चुनाव ने इन सभी दावों की सच्चाई को उजागर कर दिया। यह स्पष्ट हो गया है कि उनके पास न तो मजबूत रणनीति है और न ही अपने विधायकों पर पूरा भरोसा कायम है।

आज हालात ऐसे हैं कि उनके अपने दल के भीतर ही असंतोष और अविश्वास की स्थिति बनती दिख रही है। कई घटनाओं और बयानों से यह संकेत मिल रहा है कि पार्टी के अंदर एकजुटता की कमी है। यह केवल एक चुनावी हार नहीं, बल्कि नेतृत्व की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल है।

लोकतंत्र में नैतिकता और जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण होती है। जब कोई नेता बार-बार जनता के सामने बड़े दावे करे और वे धरातल पर सच साबित न हों, तो यह जनता के विश्वास को कमजोर करता है। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि नेतृत्व अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करे।

इसलिए अब समय आ गया है कि तेजस्वी यादव आत्ममंथन करें और अपने पद की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देने पर विचार करें। बिहार की जनता सब देख रही है और भविष्य में इसका जवाब जरूर देगी।