जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने धमकी देने और ब्लैकमेल का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर सनसनी फैला दी है। तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि एक खास मोबाइल नंबर से उन्हें और उनके साथ जुड़े लोगों को धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई। तेज प्रताप यादव ने सरकार और प्रशासन से पूछा कि आखिर इस नंबर का इस्तेमाल कौन कर रहा है और उसके पीछे कौन लोग हैं। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इस मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है।
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-मेरे संज्ञान में लगातार यह मामला आ रहा है कि मोबाइल नंबर 7520322647 से मुझे तथा मेरे साथ जुड़े कई लोगों को कथित रूप से धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा है। खासकर जनशक्ति जनता दल के लिए सक्रिय रूप से काम करने वाले लोगों को निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। पुरुष हों या महिलाएं—किसी को भी धमकाना, ब्लैकमेल करना या किसी का वीडियो प्रसारित कर उसे डराने का प्रयास करना बेहद गंभीर मामला है।
मैं स्वयं इस नंबर को लेकर पहले भी सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुका हूँ और संबंधित व्यक्ति/व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर चुका हूँ। इसके बावजूद सवाल यह है कि आखिर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? मैं सरकार और प्रशासन से पूछना चाहता हूँ—इस नंबर के पीछे कौन है? उसे किसका संरक्षण प्राप्त है? लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है?
तेज प्रताप यादव ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की चुप्पी कई गंभीर सवाल और आशंकाएं पैदा करती है। क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण है? क्या इसीलिए कार्रवाई नहीं हो रही? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच से सामने आना चाहिए। मैं बिना जांच किसी की संलिप्तता को अंतिम सत्य घोषित नहीं कर रहा, लेकिन इतने गंभीर मामले में सरकार की जवाबदेही जरूर बनती है।
मैं संबंधित प्रशासन और जांच एजेंसियों से मांग करता हूँ कि इस नंबर से जुड़े कॉल, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तत्काल विधिसम्मत जांच की जाए, इसके वास्तविक उपयोगकर्ता और उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
साथ ही आखिर में तेज प्रताप यादव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि मैं धमकियों से डरने या दबने वाला नहीं हूँ। मेरे साथ जुड़े किसी कार्यकर्ता, सहयोगी, महिला या पुरुष को डराने-धमकाने की कोशिश की गई तो मैं उनकी आवाज बनकर पूरी मजबूती से खड़ा रहूँगा।