पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास की गिरफ्तारी के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जन शक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव ने इस कार्रवाई पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का बचाव करते हुए कहा कि पुलिस को यह कार्रवाई पहले ही कर देनी चाहिए थी।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि अमिताभ दास लगातार बिना तथ्यों के आरोप लगाते रहे हैं। किसी के भी बारे में सोच-समझकर बोलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उनके खिलाफ भी उल्टा-पुल्टा बयान दिया गया था, जिसका कोई आधार नहीं था। अब जिस तरह से निशांत कुमार का नाम घसीटा गया, वह भी पूरी तरह गलत और बेबुनियाद है। तेज प्रताप ने कहा कि निशांत एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं और एक सम्मानित परिवार से आते हैं। मुख्यमंत्री के बेटे होने के नाते उनकी अपनी एक छवि है, जिसे बेवजह बदनाम करने की कोशिश की गई।
तेज प्रताप ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार ने सही कदम उठाया है, हालांकि इसमें देरी हुई। उनका कहना था, “देर से आए, लेकिन दुरुस्त आए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अमिताभ दास के आरोपों का पूरी तरह खंडन करते हैं और ऐसे लोगों को किसी के बारे में अनर्गल टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव पहले भी अमिताभ दास के खिलाफ सचिवालय थाने में एफआईआर दर्ज करा चुके हैं। सरकारी आवास और निजी जीवन को लेकर की गई टिप्पणी को उन्होंने अपमानजनक बताया था। अब नीट छात्रा मौत मामले में भड़काऊ पोस्ट को लेकर हुई गिरफ्तारी ने इस विवाद को और तूल दे दिया है।