सम्राट चौधरी का ऐलान, पटना में बनेगा शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी कॉरिडोर

राज्य सरकार की ओर से शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। वे पटना सिटी के राजा घाट स्थित केएल सेवन वेंकट हॉल में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 15, 2025, 2:06:00 PM

राज्य सरकार की ओर से शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। वे पटना सिटी के राजा घाट स्थित केएल सेवन वेंकट हॉल में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद बांकीपुर और पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मान समारोहहुआ। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और उत्साहवर्द्धन किया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार गठन के बाद प्रथम कैबिनेट बैठक में सुशासन की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस दीदी के गठन का निर्णय लिया गया है। यह लड़कियों और स्कूल कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा करेगी।

उन्होंने विधायक रत्नेश कुमार को विधानसभा में सचेतक बनाने की बात कहीं। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बंद पड़ी नौ चीनी मिल चालू होंगी और 25 नई चीनी मिल खुलेगी। गुलजारबाग का नाम बदला जायेगा। 11 विकसित नगर बनेंगे, जिनमें सोनपुर और सीतामढ़ी शामिल है। सरकार ने एक करोड़ नौकरी देने का लक्ष्य रखा है।