बिहार में सम्राट कैबिनेट विस्तार के साथ ही मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा हो गया है। एनडीए की नई सरकार में कुछ पुराने चेहरों की छुट्टी हुई है, जबकि कुछ नए चेहरों को मौका मिला है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक समीकरणों और आधी आबादी की भागीदारी का भी विशेष ध्यान रखा गया है। बिहार कैबिनेट विस्तार में महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया गया है। कुल पांच महिला मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं। इनमें जदयू से तीन और भाजपा से दो मंत्री शामिल हैं। श्वेता गुप्ता पहली बार मंत्री बनी हैं।
सम्राट कैबिनेट में महिला सशक्तिकरण की झलक साफ दिख रही है। कुल 5 महिला मंत्रियों को कैबिनेट में जगह दी गई है, जिनमें 3 जदयू और 2 भाजपा कोटे से हैं। जदयू कोटे से लेशी सिंह, श्वेता गुप्ता और शीला कुमारी (शीला मंडल) को मंत्री बनाया गया है। जबकि बीजेपी कोटे से रमा निषाद और श्रेयसी सिंह मंत्री बनी हैं। पहली बार मंत्री बनी श्वेता गुप्ता को छोड़कर ये सभी नेता पहले भी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।
लेशी सिंह को भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। जेडीयू से मंत्री बनीं लेशी सिंह धमदाहा विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं। वर्ष 2000 में पहली बार विधायक चुने जाने के बाद से वे लगातार राजनीति में सक्रिय हैं। उद्योग, समाज कल्याण और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। शीला कुमारी विज्ञान, प्राद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग संभालेंगी। शीला कुमारी मंडल मधुबनी जिले के फुलपरास विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे बिहार सरकार में पहले परिवहन और संचार मंत्री रह चुकी हैं। जबकि पहली बार मंत्री बनी शिवहर से जदयू विधायक श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण विभाग सौंपा गया है। श्वेता गुप्ता पेशे से डॉक्टर हैं। राजनीति में आने से पहले उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। मूल रूप से सीतामढ़ी की रहने वाली श्वेता ने सीतामढ़ी और शिवहर के इलाकों में डॉक्टर के रूप में काम करते हुए अपनी अच्छी खासी पहचान बनाई।
वहीं भाजपा कोटे से मंत्री बनी श्रेयसी सिंह जमुई से विधायक हैं, जिन्होंने खेल जगत से राजनीति में प्रवेश किया। श्रेयशी सिंह को उद्योग और खेल विभाग की कमान दी गई है। श्रेयसी सिंह पिछली नीतीश सरकार में भी मंत्री थीं। भाजपा कोटे से रमा निषाद को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का जिम्मा मिला है। रमा निषाद मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं और कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं।
सम्राट कैबिनेट में 5 महिला मंत्री
जदयू कोटे से:
लेशी सिंह: भवन निर्माण विभाग
श्वेता गुप्ता: समाज कल्याण विभाग
शीला कुमारी: विज्ञान, प्राद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग
भाजपा कोटे से:
रमा निषाद: पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग
श्रेयसी सिंह: उद्योग और खेल विभाग
बता दें कि सीएम सम्राट कैबिनेट में कुल 32 मंत्रियों ने पद की शपथ ली है. इसमें भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, ‘हम’ के 1 और आरएलएम (RLM) के 1 मंत्री को शामिल कर एनडीए के सभी सहयोगियों को साधने की कोशिश की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह समेत अहम विभाग अपने पास रखे.हैं, जबकि डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव को जल संसाधन व वित्त जैसे प्रमुख मंत्रालय मिले हैं। मंत्री श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और सूचना जनसंपर्क विभाग मिला है, वहीं विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग दिया गया है। डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार और निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग सौंपा गया है। सरकार ने विभागों का वितरण कर प्रशासनिक जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी हैं।