बिहार कांग्रेस में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस सांसद और पार्टी के कद्दावर नेता तारिक अनवर पार्टी की नेतृत्व कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। वहीं कांग्रेस के एक एमएलसी ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की है।
दरअसल शनिवार को कांग्रेस एमएलसी समीर कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बात हुई। इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। इससे पहले कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं, जिससे कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है। वैसे एमएलसी समीर सिंह का कार्यकाल दो महीने बाद पूरा होने वाला है। माना जा रहा है कि वह अपना अगला ठिकाना खोज रहे हों।
वहीं दूसरी ओर कटिहार से कांग्रेस सांसद और पार्टी के कद्दावर नेता तारिक अनवर ने पार्टी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है उनका कहना है कि बिहार में पार्टी की वर्तमान स्थिति काफी नाजुक है और इसके लिए कहीं न कहीं नेतृत्व की कार्यशैली जिम्मेदार है। बिहार कांग्रेस में मचे इस तूफान की वजह प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की भूमिका को बताई जा रही है। कटिहार के जिला अध्यक्ष सुनील यादव के इस्तीफे के बाद अंदरूनी अंतर्कलह और तेज हो गई है।
बता दें कि हाल के राज्यसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के तीन विधायक वोटिंग करने नहीं पहुंचे थे। वहीं राजद के एक विधायक ने भी मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। जिसके कारण राजद की ओर से महागठबंधन उम्मीदवार एडी सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। अब इस मुलाकात और पार्टी में उभरते मतभेद से बिहार कांग्रेस की हालत नाजुक बनी हुई है।