'हाथ जोड़ता हूं, पैर पकड़ता हूं' खान सर-रौशन सर विवाद पर पप्पू यादव और गुरु रहमान का बड़ा बयान

खान सर कोचिंग फायरिंग मामले में विवाद बढ़ता ही जा रहा है। खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और गुरु रहमान का बड़ा बयान सामने आया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 05, 2026, 11:28:00 AM

खान सर कोचिंग फायरिंग मामले में विवाद बढ़ता ही जा रहा है। खान सर के दो बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया गया है। खान सर के दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग करने की बात कबूल की है। अब खान सर उर्फ फैजल खान पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। वहीं ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन भी शुरू हो गया है। इस बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने की अपील की है। 

खान सर-रौशन सर विवाद में पप्पू यादव ने  भावुक अपील करते हुए कहा कि खान सर और रोशन सर दोनों मेरे दिल के टुकड़े हैं, दोनों मेरे भाई हैं।  अगर किसी से कोई गलती हुई है तो मैं हाथ जोड़ता हूं, पैर पकड़ता हूं, इस विवाद को यहीं खत्म कर दीजिए।  पूर्णिया सांसद ने कहा कि खान सर को देश और दुनिया में सम्मान मिलता है, इसलिए उन्हें बड़ा दिल दिखाना चाहिए।  उन्होंने दोनों पक्षों से आपसी बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकालने और छात्रों के हित को सर्वोपरि रखने की अपील की। 

वहीं इस मामले में कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान ने विवाद को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए।  उनका दावा है कि हाल ही में घोषित सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम के बाद कुछ बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच छात्रों को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई थी। गुरु रहमान ने बताया कि रिजल्ट आने के बाद आयोजित एक सम्मान समारोह में एक कोचिंग के छात्र दूसरे संस्थान के कार्यक्रम में पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हुआ।  उनका कहना है कि इसी विवाद ने आगे चलकर बड़े बवाल का रूप ले लिया। 

इससे पहले खान सर के दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग करने की बात कबूल की है। दोनों ने कहा कि मंगलवार रात को कोचिंग सेंटर पर हुए पथराव के बाद बचाव में उन्होंने गोली चलाई थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों गार्ड्स के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं और उनके लाइसेंस का वेरिफिकेशन कराया जा रहा है। इस मामले में खान सर से भी पुलिस ने पूछताछ की है। अब सवाल उठ रहा है कि इस मामले में क्या खान सर भी गिरफ्तार होंगे ?

वहीं ज्ञान बिंदु के डारेक्टर रौशन आनंद की रिहाई के लिए छात्र सड़क पर उतरे। गुरुवार की शाम बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उनके इंस्टीट्यूट के बाहर सड़क पर जमा हो गए। कोचिंग से कारगिल चौक तक मार्च निकाला गया। बताया जा रहा है कि इसमें 5 हजार से ज्यादा छात्र शामिल हुए। करगिल चौक पर कोचिंग के छात्रों का विशाल प्रदर्शन हुआ। ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर की रिहाई की मांग को लेकर हजारों छात्र सड़क पर उतर गए हैं।  

बता दें कि रौशन सर को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मंगलवार देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई तोड़फोड़ और गार्ड से मारपीट के बाद रौशन आनंद समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उनके दो अन्य साथियों को भी जेल भेजा गया है। वहीं कोचिंग फायरिंग मामले में चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फायरिंग मामले में गिरफ्तार दोनों गार्डों से पूछताछ के दौरान अहम जानकारियां सामने आई हैं। बॉडीगार्ड के बयान के बाद अब खान सर उर्फ फैजल खान को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।