आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत के बयान पर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा हमला बोला है। वहीं उन्होंने राजद सांसद संजय यादव पर एक बार फिर राजद को बर्बाद करने और लालू परिवार में फूट डालने का आरोप लगाया है। रोहिणी आचार्य ने आरजेडी विधायक पर हमला बोलते हुए कहा कि इसको ही कहते हैं, जिस थाली में खाना, उसी में छेद करना।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-इसको ही कहते हैं, जिस थाली में खाना, उसी में छेद करना.. विधायक के द्वारा ये कहना कि राजद लठैत पार्टी थी। बिल्कुल सामंती सोच वाला बयान है और ये लालू जी की विचारधारा के विरोधियों की भाषा है। कहीं ऐसा तो नहीं कि विधायक विरोधियों और राजद में घुसपैठ कर बैठे विरोधियों के एजेंटों की शह एवं इशारे पर ऐसा बोल रहे हैं!
रोहिणी ने कहा-वर्षों से राजद में हैं विधायक, राजद के गठबंधन वाली सरकार में मंत्री भी रहे। सांसदी का चुनाव भी राजद के सिंबल पर लड़ा , मगर उन्हें पहले कभी राजद के बारे में वो नजर नहीं आया जो अचानक आज नजर आने लगा ?
रोहिणी आगे लिखती है-दुनिया जानती है कि लालू जी का राष्ट्रीय जनता दल गरीब-गुरबों-शोषितों-वंचितों का दल था। हाशिए पर खड़ी आबादी के अधिकार के लिए लड़ने, आवाज उठाने वाला दल था और गरीब विरोधी , सामजिक न्याय के विरोधियों के द्वारा ही राजद के बारे में ऐसा दुष्प्रचार किया गया। जैसा राजद के ये विधायक कर रहे हैं..
रोहिणी ने संजय यादव का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक जिस संजय यादव को राजद को ट्रांसफॉर्म करने का क्रेडिट दे रहे हैं। उसने तो राजद को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया, लालू जी के परिवार में फूट डाल दी। उसकी ही वजह से संख्याबल के हिसाब से भी राजद लगातार चुनावों में पिछड़ता चला गया, संगठन संजय के दलालों-गुर्गों की गिरफ्त में आ कर कमजोर हो गया। अगर संजय यादव और उसके ऐसे ही किसी और में इतनी ही काबिलियत है, तो क्यों नहीं वो अपनी एक हाई-टेक पार्टी बना अपनी काबिलियत आजमा लेता?