बिहार विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए राजद ने की यह मांग

राष्ट्रीय जनता दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मिलकर तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता पंजीयन की तिथि बढ़ाने, फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाने और पंजियन हेतु चुनाव आयोग के पोर्टल को अनलॉक करने की मांग की है।

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मिलकर तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदाता पंजीयन की तिथि बढ़ाने, फर्जी मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाने और पंजियन हेतु चुनाव आयोग के पोर्टल को अनलॉक करने की मांग की है। मुख्य चुनाव पदाधिकारी के अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, चित्तरंजन गगन, मदन शर्मा एवं फैयाज आलम कमाल शामिल थे। 

पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि ज्ञापन में कहा गया है कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। सत्ताधारी दल के प्रभाव में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी द्वारा डुमरा प्रखंड में पदस्थापित रोहित चैधरी नामक कर्मी को सीतामढ़ी, जिलाधिकारी कार्यालय में स्नातक मतदाता पंजीयन हेतु प्रतिनियुक्त किया गया है, जिनके द्वारा एक दल विशेष को नजायज तरीके से मदद करने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं को पंजीकृत किया गया है। जबकि विरोधी दल के समर्थक स्नातक मतदाताओं का पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया जाता है। 

आयुक्त कार्यालय, मुजफफरपुर द्वारा मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 09 सितम्बर, 2026 निर्धारित की गई थी। आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल के अवकाश में रहने के कारण 03 और 04 सितम्बर, 2026 दो दिन तक मतदाता पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया गया। शनिवार 05 सितम्बर, 2026 को जन्माष्टमी एवं दिनांक 06 सितम्बर, 2026 को रविवार रहने के कारण मतदाता पंजीयन प्रपत्र नहीं लिया गया। दिनांक 07 सितम्बर, 2026 को एक दल विशेष के संभावित उम्मीदवार द्वारा आयुक्त कार्यालय में हंगामा कर देने के कारण मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने का कार्य बंद कर दिया गया। 

ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए राष्ट्रीय जनता दल की मांग है कि फर्जी मतदाताओं की जांच कर मतदाता सूची से उनका नाम हटाया जाय, मतदाता पंजीयन प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाते हुए आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल कार्यालय में प्रपत्र जमा करने के लिए काउंटर खुलवाया जाय साथ ही बंद हुए चुनाव आयोग के पोर्टल को पुनः चालू किया जाय।