आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) यानि आरजेडी 29 साल की हो गई। राष्ट्रीय जनता दल आज धूमधाम से अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। पटना स्थित पार्टी ऑफिस में कार्यक्रम रखा गया है। इसमें तेजस्वी यादव, लालू यादव और पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। समारोह का उद्घाटन राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव करेंगे।
स्थापना दिवस को लेकर राजद कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। राजद कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पार्टी ऑफिस की विशेष सजावट की गई है। रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। बाहर बड़े-बड़े पोस्टर, बैनर और और पार्टी के झंडे लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व विधान पार्षद, लोकसभा चुनाव 2024 एवं विधानसभा चुनाव 2025 के प्रत्याशी शामिल होंगे। राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, साथ ही संगठनात्मक जिला इकाइयों के जिलाध्यक्ष और प्रधान महासचिव भी इसमें पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम के मंच पर लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव की बड़ी तस्वीर लगी है। इसके साथ ही पार्टी के सीनियर लीडर्स की भी तस्वीर लगी है। हालांकि राजद कार्यालय परिसर में लगे पोस्टरों में तीन बड़े नेताओं को जगह नहीं मिली है। इनमें राज्यसभा सांसद संजय यादव, एमएलसी सुनील सिंह और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम का नाम शामिल है। इसको लेकर सियासी गलियारे में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल का गठन 5 जुलाई 1997 को हुआ था. लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में पार्टी की स्थापना दिल्ली में हुई थी। लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में रघुवंश प्रसाद सिंह, कांति सिंह, मोहम्मद शहाबुद्दीन, अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत 17 लोकसभा और 8 राज्यसभा सांसदों, सैकड़ो वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राजद की घोषणा की गई थी। बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर चारा घोटाले का आरोप लगा। इस आरोप के बाद उन्होंने 25 जुलाई 1997 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद लालू यादव ने 5 जुलाई 1997 को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का गठन किया।