रीना पासवान के राज्यसभा भेजे जाने पर बोले चिराग पासवान, आप लोग इसे कतई डिबेट का हिस्सा नहीं बनाएं, मां राजनीति से दूर रहती हैं

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर देखें तो सत्तारूढ़ एनडीए की स्थिति मजबूत मानी जा रही है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 21, 2026, 9:21:00 AM

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर देखें तो सत्तारूढ़ एनडीए की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। माना जा रहा है कि पांच में से चार सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय है। इनमें दो सीटें जनता दल (यूनाइटेड) और दो सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में जा सकती हैं। ऐसे में एक सीट को लेकर कयासों का बाजार गर्म है।

 इस बीच ऐसी चर्चा शुरू हो गई कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एक सीट पर दावा ठोकेंगे और उनकी मां रीना पासवान राज्यसभा जाएंगी. हालांकि ऐसी खबरों पर अब चिराग पासवान ने खुद ही विराम लगा दिया है. 

चिराग पासवान ने कहा, "प्रभु मैं इस बात को स्पष्ट कर दूं कि मेरी मां राजनीति में नहीं आ रही हैं. आप लोग इसे कतई डिबेट का हिस्सा नहीं बनाएं. वह (रीना पासवान) अपने आप को सक्रिय राजनीति से दूर रखती हैं. रखना चाहती हैं." 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगे कहा, "एक मां होने के नाते ये जरूर है कि वो मेरे साथ सार्वजनिक रूप से मंच पर दिखती हैं या अर्धांगिनी होने के नाते मेरे पिता के साथ दिखी होंगी, लेकिन वो सक्रिय राजनीति में कतई नहीं आना चाहतीं. मेरी मां की पांच राज्यसभा सीटों में से कोई दावेदारी नहीं है. इतना जरूर मानता हूं कि पांच की पांच सीटें हमारा एनडीए गठबंधन जीतेगा. इसमें कहीं कोई संदेह नहीं है." उपेंद्र कुशवाहा को एक सीट मिलेगी न? इस सवाल पर चिराग पासवान शांत दिखे.

बिहार विधानसभा के बाहर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "कोई भी घटना घटती है तो चिंता का विषय है. विपक्ष चाहे इस पर राजनीति करे लेकिन ये हमारी सरकार के लिए गंभीर विषय है. एक घटना भी घटे तो वो हमारे लिए चिंता का विषय है... बिहार प्रदेश के गृह मंत्री के द्वारा भी स्थानीय प्रशासन को और मुस्तैद रहने के आदेश दिए गए हैं... ऐसी घटनाएं घटनी ही नहीं चाहिए जिसके लिए हमारी सरकार हर संभव  कदम उठाने का प्रयास कर रही है... परिवार को न्याय मिले, उसके लिए भी हम उतनी ही तत्परता से प्रतिबद्ध हैं."