पटना: एनडीए के घटक दल हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री डॉक्टर संतोष कुमार सुमन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि हीट एंड रन की राजनीति से न तथ्य बदलते हैं और न ही संस्थाओं पर लगाये आरोप प्रमाणित होते हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हए यह बात कही।
संतोष सुमन ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की राजनीति में एक अजीब विरोधाभास दिखता है, जो बात सदन में तथ्यों और प्रमाणों के साथ रखनी चाहिए, उसे सड़क पर उठाते हैं और जो बात सड़क की राजनीतिक लड़ाई हो सकती है, उसे सदन में ले जाते हैं। चुनाव आयोग पर यदि आरोप हैं तो आरोप नहीं, प्रमाण सामने रखिए। शिकायत है तो संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया अपनाइए। किसी अखबार में छपी खबर को आधार बनाकर देशभर में अभियान चलाना और जब प्रमाण मांगे जाएँ तो ठोस साक्ष्य प्रस्तुत न करना, गंभीर आरोपों की विश्वसनीयता पर ही सवाल खड़ा करता है।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आरोप की ताकत उसकी आवाज़ में नहीं, प्रमाण की मजबूती में होती है। राहुल गांधी से आग्रह है कि नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा और जिम्मेदारी को समझें। ‘हीट एंड रन’ की राजनीति से न तथ्य बदलते हैं, न संस्थाओं पर लगाए आरोप प्रमाणित होते हैं। तथ्य रखिए, प्रमाण दीजिए और सदन में जवाबदेह बहस कीजिए। यही लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा है।