राबड़ी देवी को हर हाल में बंगला खाली करना होगा, सीएम सम्राट को चैलेंज देने पर BJP का बड़ा बयान

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने के आदेश पर सियासत तेज हो गई है। बंगला विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राबड़ी देवी को हर हाल में सरकारी बंगला खाली करना होगा।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 30, 2026, 6:44:00 PM

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने के आदेश पर सियासत तेज हो गई है। राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपना यह मौजूदा बंगला खाली नहीं करेंगी और सरकार चाहे तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले। खुली चुनौती के बाद  राबड़ी आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।  सचिवालय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनु कुमारी भारी पुलिस बल के साथ राबड़ी देवी के आवास पर पहुंची थी। इस बीच बंगला विवाद पर बीजेपी का बड़ा बयान सामने आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राबड़ी देवी को हर हाल में सरकारी बंगला खाली करना होगा।

राबड़ी देवी के बंगला विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बड़ा बयान दिया है। संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र है, राजतंत्र नहीं। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी सरकारी संपत्ति को अपनी निजी जागीर न समझें। सरकार द्वारा आवंटित नए आवास में उन्हें जाना ही पड़ेगा। सरावगी ने कहा कि वर्तमान बंगला महादलित समाज से आने वाले मंत्री को आवंटित किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उस समाज के मंत्री को बड़े बंगले में रहने का अधिकार नहीं है। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राबड़ी देवी को हर हाल में सरकारी बंगला खाली करना होगा। उन्होंने बंगला नहीं छोड़ने वाले बयान को अहंकार और राजशाही मानसिकता बताया। सरावगी ने कहा कि अब राजा-रजवाड़ों का नहीं, कानून और व्यवस्था का समय है। उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला लागू होगा और अहंकार के लिए कोई जगह नहीं है।

वहीं 10 सर्कुलर रोड, आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंची और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती थी। सचिवालय एसडीपीओ राबड़ी देवी के आवास पहुंचीं और उन्होंने उनसे बातचीत की। पुलिस प्रशासन की ओर से सरकारी आदेशों और कानूनी नोटिस का हवाला दिया गया है, जबकि राबड़ी देवी अपने पुराने स्टैंड पर कायम हैं।

इससे पहले गाजियाबाद से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने आवास खाली नहीं करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वह बंगला छोड़ने वाली नहीं हैं। राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपना यह मौजूदा बंगला खाली नहीं करेंगी और सरकार चाहे तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले। 

बता दें कि भवन निर्माण विभाग ने हाल ही में राबड़ी देवी को तीसरा नोटिस जारी किया था। विभाग ने आवास जल्द खाली करने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया कि यह बंगला अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में वर्तमान आवंटन के अनुसार आवास खाली कराया जाना जरूरी है। विभाग का कहना है कि पहले भी दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक आवास खाली नहीं किया गया है।