राबड़ी देवी ने CM सम्राट से मांगी इतनी मोहलत..10 सर्कुलर रोड आवास कब होगा खाली? सरकार को लिखा पत्र

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करने की समय सीमा समाप्त हो गई है। इस बीच राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखा है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 16, 2026, 3:08:00 PM

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करने की समय सीमा समाप्त हो गई है। इस बीच राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखा है और सरकारी आवास खाली करने के लिए सरकार से एक महीने की अतिरिक्त मोहलत मांगी है। सरकार की ओर से राबड़ी आवास खाली करने को लेकर 15 जून तक का समय दिया गया था।  

दरअसल राबड़ी देवी को पटना स्थित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करने को लेकर 15 जून तक का समय दिया गया था। सोमवार को इस मोहलत का अंतिम दिन था, ऐसे में लालू परिवार पर सबकी नजर थी  कि क्या वे आवास खाली करेंगे?  इस बीच मंगलवार को बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी ने सम्राट सरकार को पत्र लिखकर फिलहाल आवास खाली करने में असमर्थता जताई है।

राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया है और इसके पीछे लालू प्रसाद के स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला दिया है। लालू प्रसाद की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए अपने पत्र में राबड़ी देवी ने कहा है कि लालू यादव को डॉक्टरों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें संक्रमण का खतरा बना रहता है, इसलिए वर्तमान आवास में उनके लिए विशेष व्यवस्था और अलग कमरा उपलब्ध कराया गया है।

पूर्व सीएम ने सम्राट सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें आवंटित 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में भी लालू प्रसाद के लिए इसी तरह की आवश्यक सुविधाएं और विशेष कमरों की व्यवस्था की जाए। राबड़ी देवी ने पत्र में लिखा है कि नए आवास का नवीनीकरण और आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद वे वहां शिफ्ट हो जाएंगी।

बता दें कि भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड का बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है। इसके बदले सम्राट सरकार ने राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के नाते पटना के पॉश हार्डिंग रोड इलाके में 39 नंबर का बंगला आवंटित किया है। जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी यादव को 1 पोलो रोड का बंगला मिला है।