पटना: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में हुई वृद्धि पर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार के रसोई गैस की किल्लत के बीच प्रीमियम पेट्रोल के दाम को बढ़ाना लोगों के लिए नीम पर करैला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के प्रति कर्तव्य पालन में एक बार फिर से विफल रही है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में मामूली वृद्धि होने के बाद सरकार द्वारा प्रीमियम पेट्रोल पर करीब 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम हुई थी, तब तो सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में कमी नहीं की थी?
उन्होंने कहा कि पहले ही रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तु नहीं मिल रही थी, और अब पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से जीवन की बुनियादी जरूरतें भी महंगी हो जाएंगी। उन्होंने कहा, “यह बढ़ोतरी जनता पर बोझ डालने वाली है।”
उन्होंने कहा कि बिहार में पहले से ही अन्य कई राज्यों की तुलना में पेट्रोल और डीजल के दाम अधिक थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जानबूझकर मुनाफाखोरी करते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि पेट्रोल के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लिए जाएं।