बांकीपुर सीट से प्रशांत किशोर लड़ेंगे उपचुनाव, जन सुराज ने की घोषणा, बीजेपी-तेजस्वी से होगी भिड़ंत

पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर उपचुनाव लड़ेंगे। जन सुराज की ओर से इसका आधिकारिक ऐलान हो गया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 05, 2026, 2:38:00 PM

पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर उपचुनाव लड़ेंगे। जन सुराज की ओर से इसका आधिकारिक ऐलान हो गया है। रविवार को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में प्रशांत किशोर के नाम पर आखिरकार मुहर लग ही गई। अब आधिकारिक तौर पर उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इसकी घोषणा की। बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी। चुनाव आयोग ने हाल ही में उपचुनाव की घोषणा की थी। यह सीट भाजपा नेता नीतिन नवीन के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। नीतिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। 

जन सुराज की ओर से उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनकी जिंदगी है और पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करेंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि बांकीपुर की जनता का आशीर्वाद मिला तो वह चुनाव जीतेंगे। जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। प्रशांत किशोर ने इस उपचुनाव को सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की मौजूदा सरकार की परीक्षा बताया। उन्होंने कहा कि अब यह देखना है कि जनता क्या फैसला करती है।

बता दें कि इस सीट से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन लगातार जीत हासिल करते रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था और राज्यसभा सांसद चुने गये थे। उनके इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा बनी इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए बीजेपी की तरफ से भी उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया जारी है। हालांकि उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गयी है। वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव भी सामने सामने होंगे। क्योंकि तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। इसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 6 जुलाई से 13 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को 16 जुलाई तक अपना नामांकन वापस लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी। 30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का ऐलान

अधिसूचना जारी- 6 जुलाई 

नामांकन की अंतिम तिथि-13 जुलाई

नामांकन पत्रों की जांच-14 जुलाई

नाम वापस लेने की अंतिम तिथि-16 जुलाई

मतदान- 30 जुलाई

परिणाम- 3 अगस्त

बतातें चलें कि बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां से भाजपा नेता नीतिन नवीन लगातार जीत दर्ज करते रहे हैं। यह सीट भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित सीटों में गिनी जाती रही है। भाजपा के सामने अपनी पारंपरिक सीट बरकरार रखने की चुनौती होगी, वहीं महागठबंधन इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगा। राजद इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगा। वहीं राजद से अलग हो चुके तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी की ओर से वीणा मानवी को उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी बांकीपुर उपचुनाव में उतरने की बात कह चुके हैं। ऐसे में बांकीपुर विधानसभा का उपचुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है।