आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव से देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। 25 मई सुबह पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हुआ है। इसको लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आयी है। उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि केंद्र सरकार नियंत्रित तरीके से कीमतें बढ़ा रही है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी की तारीफ पर भी जवाब दिया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक संकट के कारण ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। केंद्र सरकार नियंत्रित तरीके से कीमतें बढ़ा रही हैं और लोगों को कम परेशानी हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्थिक और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे में कीमतों का असर भारत पर भी पड़ना स्वाभाविक है। हालांकि उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार की मजबूरी के कारण दामों में बढ़ोतरी रोकना पूरी तरह संभव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जो भी निर्णय लिए जा रहे हैं, वे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही किए जा रहे हैं।
इसी दौरान विजय कुमार चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही प्रशंसा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री की सराहना केवल व्यक्तिगत प्रशंसा नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि भारत की नीतियों और नेतृत्व की चर्चा अब वैश्विक मंच पर हो रही है और दुनिया के बड़े नेता भी भारत की भूमिका को स्वीकार कर रहे हैं।
बता दें कि आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव से देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। 25 मई सुबह पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हुआ है। इस बढ़ोतरी के बाद अब पटना में पेट्रोल ₹112.70 और डीजल ₹99.87 प्रति लीटर मिलेगा। बीते 12 दिनों में यह चौथी बढ़ोतरी है। जनता पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ी है।