बिहार विधान परिषद में आज 10 नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ, जहां बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने पहली बार एमएलसी के रूप में शपथ ली। शपथ लेते ही बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य पवन सिंह ने बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को लेकर बड़ा बयान दिया है। पवन सिंह ने जय भोजपुरी, जय बिहार का शंखनाद करते हुए कहा कि उनका सपना है कि बिहार में फिल्म सिटी बने, ताकि राज्य के कलाकारों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
पवन सिंह ने बिहार में फिल्म सिटी बनाने की पैरवी करते हुए कहा कि उनका सपना है कि बिहार के कलाकारों को काम के लिए मुंबई या दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि एक कलाकार होने के नाते वह चाहते हैं कि सिंगिंग और एक्टिंग का बड़ा केंद्र बिहार ही बने और यहां के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार और पहचान मिले। पवन सिंह ने कहा-बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त संसाधन और अवसर नहीं होने के कारण कलाकारों को मुंबई और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। मेरी कोशिश होगी कि बिहार में फिल्म सिटी बने और यहां के छोटे-बड़े सभी कलाकारों को अपने ही राज्य में रोजगार मिले।
पवन सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि बिहार के युवा कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को राज्य में ही काम मिले। जो जूनियर और छोटे लड़के हैं, जिन्हें काम नहीं मिल रहा है, उन्हें बिहार में ही काम मिले। मेरी कोशिश होगी कि सभी को रोजगार बिहार में ही मिले। अपने संबोधन के अंत में पवन सिंह ने कहा कि उनकी हमेशा यही कामना रहेगी कि बिहार लगातार आगे बढ़े और विकास करे। उन्होंने कहा-बिहार के लोग खुश रहें और बिहार बम-बम रहे।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सभी सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उप भवन (एनेक्सी) स्थित मुख्य सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। शपथ के साथ सभी सदस्य आधिकारिक रूप से विधान परिषद का हिस्सा बने। भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह के शपथ ग्रहण को लेकर सबसे अधिक चर्चा रही। बिहार सरकार के मंत्री निशांत कुमार ने भी एमएलसी के रूप में शपथ ली। समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब सभी नए सदस्य सदन की कार्यवाही में भाग ले सकेंगे। शपथ के बाद जनहित के मुद्दों को सदन में उठाने का संकल्प लिया।