पवन सिंह की बढ़ी मुश्किलें, स्टेज पर एक्ट्रेस को छूना पड़ा भारी, महिला आयोग ने थमाया नोटिस

भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित स्टार पवन सिंह एक वायरल वीडियो के बाद नए विवाद में घिर गए हैं. हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की शिकायत पर मामला अब महिला आयोग तक पहुंच गया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 23, 2026, 3:46:00 PM

भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित स्टार पवन सिंह एक वायरल वीडियो के बाद नए विवाद में घिर गए हैं. हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की शिकायत पर मामला अब महिला आयोग तक पहुंच गया है, जिसने उन्हें नोटिस जारी कर पेश होने का निर्देश दिया है.

इस घटनाक्रम ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है, बल्कि उनकी छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज गायक और अभिनेता पवन सिंह अक्सर अपने गानों और विवादों को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार मामला काफी गंभीर नजर आ रहा है. करीब चार महीने पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भव्य स्टेज शो का आयोजन हुआ था, जहां पवन सिंह और मशहूर हरियाणवी मॉडल अंजलि राघव एक साथ परफॉर्म कर रहे थे.

इसी शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है, जिसमें पवन सिंह द्वारा अंजलि राघव को असहज तरीके से छूने का आरोप लगा है. अंजलि ने अब इस मामले को लेकर हरियाणा महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है, जिसके बाद आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए पवन सिंह को 2 अप्रैल को फरीदाबाद कार्यालय में तलब किया है

अंजलि राघव ने अपनी शिकायत में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. एक्ट्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उनकी सहमति के बिना वीडियो बनाया गया और बाद में उसे गलत तरीके से वायरल कर दिया गया, जिससे उन्हें भारी मानसिक तनाव और सामाजिक अपमान झेलना पड़ा.

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के अनुसार, अंजलि ने शिकायत में कहा है कि उनकी कमर पर हाथ रखा गया था. हालांकि, शुरुआती तौर पर एक्ट्रेस को लगा था कि शायद उनके कपड़ों पर लगा कोई ‘प्राइस टैग’ हटाया जा रहा है, लेकिन बाद में जब वीडियो वायरल हुआ और उनके खिलाफ आपत्तिजनक प्रोपेगेंडा चलाया गया, तो उन्होंने कानूनी रास्ता चुनने का फैसला किया

सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद से ही पवन सिंह को लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. जहां पवन सिंह के प्रशंसक इसे महज एक गलतफहमी बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अंजलि राघव के समर्थक इसे महिला गरिमा के खिलाफ मान रहे हैं.

अब 2 अप्रैल की सुनवाई हैं, जहां महिला आयोग दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगा. यदि पवन सिंह अपनी सफाई में आयोग को संतुष्ट नहीं कर पाते हैं, तो उनकी छवि और करियर पर इसका गहरा असर पड़ सकता है. भोजपुरी और हरियाणवी इंडस्ट्री के बीच छिड़ी यह वैचारिक जंग एक बड़े कानूनी विवाद का रूप ले चुकी है