पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के विवादित बयान पर बवाल मचा हुआ है। महिलाओं पर दिए विवादित बयान को लेकर पप्पू यादव चौतरफा घिर गए हैं। तमाम नेता निर्दलीय सांसद की खूब आलोचना कर रहे हैं। इस बीच बीजेपी की महिला विधायक व पूर्व मंत्री ने पप्पू यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही पूर्णिया सांसद के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से अपना पक्ष रखने की मांग की है।
दरअसल बुधवार को पप्पू यादव के विवादित बयान पर पटना स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में संयुक्त प्रेसवार्ता की गई। जिसमें श्रेयसी सिंह, संगीता कुमारी और मैथिलि ठाकुर मौजूद रहीं। सभी नेताओं ने एक सुर में पप्पू यादव के बयान की निंदा करते हुए माफी मांगने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बयान नारी स्वाभिमान पर सीधा हमला है।
विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि 'पप्पू यादव क़ो सार्वजनिक माफ़ी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी क़ो अपना पक्ष रखना चाहिए। पप्पू यादव की पत्नी भी सांसद हैं। ऐसे में उन्हें भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही तेजस्वी यादव से भी स्पष्ट रुख बताने को कहा। उन्होंने पूछा कि क्या ये नेता पप्पू यादव के बयान का समर्थन करते हैं। इस मुद्दे पर विपक्ष की चुप्पी पर सवाल खड़े किए गए। राजनीतिक जवाबदेही की मांग की गई।
इससे पहले जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने पप्पू यादव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पागल हो गए हैं। पप्पू यादव अपनी पत्नी के बारे में जानकारी लें कि वह कहां से हैं, उसके बाद इस तरह के बयान दें। वहीं बिहार में अपराध को लेकर विपक्ष को जवाब देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि राज्य में अपराध की स्थिति उतनी गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जो गड़बड़ी करेगा, उसका एनकाउंटर होगा। पुलिस कार्रवाई करेगी।
बता दें कि पप्पू यादव ने कहा था कि बिना नेता के कमरे में गई 90 फीसदी महिला राजनीति में एंट्री नहीं कर सकती है. पूर्णिया सांसद ने आरोप लगाया कि देश में महिलाओं को देवी का दर्जा तो दिया जाता है, लेकिन वास्तविक सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि सत्ता और व्यवस्था से जुड़े लोग ही महिलाओं के शोषण के लिए जिम्मेदार हैं। मामला तूल पकड़ने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया और निर्धारित समय में जवाब देने को कहा है।