भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन की पूर्णिया सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने तारीफ की है। उन्होने कहा कि वे सज्जन और सभ्य इंसान हैं। एग्रेशन में नहीं रहते हैं, विवादित व्यक्ति नहीं हैं। हमें उम्मीद है कि गाली-गलौज की संस्कृति खत्म होगी। पूर्णिया सांसद ने कहा कि बीजेपी ने किन वजहों और किन झगड़ों के कारण नितिन नवीन को अध्यक्ष बनाया है या बलि का बकरा ये तो बीजेपी ही जाने, मोहरा कौन है?
पप्पू यादव ने कहा कि पंकज चौधरी को यूपी बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया। वे तो राजनाथ सिंह के फॉलोअर हैं। योगी आदित्यनाथ के समर्थक नहीं हैं। कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना। संघ के बिना तो बीजेपी चलती नहीं है। और चल भी नहीं सकती है। अमित शाह की शतरंज की चाल क्या है, ये तो अब वक्त ही बताएगा।
उन्होने कहा कि राजेंद्र बाबू सीताराम केसरी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे ललित बाबू, जगजीवन राम, भोला पासवान शास्त्री थे, बिहार ने देश को इतने सारे लोग दिए हैं।
आपको बता दें नितिन नवीन बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री और बीजेपी के छत्तीसगढ़ प्रभारी हैं। वे बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। नितिन नवीन साल 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे। साल 2010 से 2025 तक वो लगातार 5 बार बांकीपुर सीट से जीतते आ रहे हैं। नितिन नवीन साल 2016-19 में बिहार बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष थे। उन्हें पहली बार नीतीश कुमार की सरकार में साल 2021 में मंत्री बनाया गया था।