नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने दिया सुझाव, मंच से ही CM सम्राट चौधरी ने तुरंत किया ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा। सीएम सम्राट ने यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के सुझाव पर किया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 21, 2026, 1:34:00 PM

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पटना के कंकड़बाग पाटलिपुत्र खेल परिसर में भव्य सामूहिक योग शिविर का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सामूहिक योग किया। दोनों नेताओं ने एक साथ चटाई पर बैठकर अनुलोम-विलोम, कपालभाति और सूर्य नमस्कार जैसे योगासनों का अभ्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाएगा। सीएम सम्राट ने यह फैसला स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के सुझाव पर किया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से बिहार के सभी स्कूल और कॉलेजों के पाठ्यक्रम (सिलेबस) में योग को भी आधिकारिक रूप से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीटी और अन्य गतिविधियों की तरह योग को भी शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाएगा, ताकि छात्र स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। एक कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष योग शिक्षा को लेकर एक विशेष प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए तुरंत लागू करने की बड़ी घोषणा कर दी।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि बिहार के स्कूल-कॉलेजों में योग पढ़ाया जाना चाहिए। निशांत का कहना है कि युवा पीढ़ी को तनाव मुक्त और सेहतमंद रखने के लिए बिहार के जितने भी स्कूल और कॉलेज हैं, उनके दैनिक रूटीन में योग को शामिल किया जाना चाहिए। स्कूलों और कॉलेजों में प्रतिदिन करीब आधे घंटे का योग और ध्यान सत्र होना चाहिए। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री  ने यह भी साफ किया कि यह पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और छात्रों पर इसमें भाग लेने का कोई दबाव नहीं होगा। न तो इसकी उपस्थिति अनिवार्य होगी और न ही इसकी कोई परीक्षा ली जाएगी।

निशांत कुमार के सुझाव पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से ही घोषणा की कि अगले वर्ष से राज्य के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने के लिए सरकार आवश्यक निर्देश जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि राज्य के लोग स्वस्थ रहें और खुशहाल जीवन जिएं। उन्होंने कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया। योग भारत की सनातन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का मार्ग प्रशस्त करता है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है। आइए, योग को जन-जन का संकल्प बनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।