नीतीश कुमार CM रहते तो...बांकीपुर में बीजेपी की हार पर अनंत सिंह का बड़ा बयान

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की है। इस बीच उपचुनाव के नतीजों के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की है। इस बीच उपचुनाव के नतीजों के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते, तो बांकीपुर का चुनावी परिणाम शायद अलग होता। इतना ही नहीं बाहुबली ने दावा करते हुए कहा कि जनता में इस बात का हवा फैल गया है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मिला, लेकिन उन्हें हटा दिया गया।  यह गलत हुआ। जनता यह समझ रही है कि उन्हें हटाया गया है जनता इससे नाराज है।  

मीडिया से बातचीत के दौरान जब अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो भाजपा की हार नहीं होती, इस पर उन्होंने कहा-बिल्कुल, ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह धारणा बनी कि लोगों ने नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट दिया था, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। इसी वजह से जनता में नाराजगी पैदा हुई। हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि वास्तविकता कुछ और है। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि नीतीश कुमार को हटाया नहीं गया, बल्कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री पद छोड़ा था।

अनंत सिंह ने कहा कि जनता यह समझती है कि जिस तरीके से हटाया गया बैठाया गया या गलत हुआ है यह नहीं होना चाहिए था। बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा चुनाव में जो लोग जीते हैं उनको जनता ने वोट किया वह जीते हैं। जिनको जनता ने वोट नहीं किया वह हारे हैं सीधी बात है। जनता मालिक होता है और जनता ही फैसला लेती है। 

वहीं दिल्ली में नीतीश कुमार के जदयू कार्यालय के निरीक्षण और उनकी बढ़ती सक्रियता पर अनंत सिंह ने कहा कि बिल्कुल कोई दिक्कत नहीं है वह जहां रहेंगे जहां जाएंगे जहां चुनाव लड़ेंगे हम लोग पूरी तरह उनके साथ हैं और रहेंगे। राजद पर निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि वह पार्टी ही नहीं है …राजद का यही हाल होना था।