BJP के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को दिल्ली पहुंचे। वहां पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए होम मिनिस्टर अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान मौजूद थे।
खास बात यह रही कि गृहमंत्री शाह, जेपी नड्डा और कई अन्य बड़े नेता काफी देर तक उनके इंतजार में खड़े थे। जेपी नड्डा ने शाह की मौजूदगी में नितिन नबीन को अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया। नितिन ने इसके साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। अब परमानेंट नेशनल प्रेसिडेंट चुने जाने तक वे इस पद पर बने रहेंगे। संभावना है कि उन्हें ही परमानेंट बना दिया जाए।
पिछले कई महीनों से भारतीय जनता पार्टी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की खोज कर रही थी। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो गया है, फिलहाल एक्सटेंशन पर हैं। ऐसे में नेशनल प्रेसिडेंट के लिए कई नामों पर चर्चा थी। इनमें शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, सुनील बंसल, धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर साथ ही कुछ महिला नाम जैसे डी. पुरंदेश्वरी और वनथी श्रीनिवासन प्रमुख तौर पर सामने आ रहे थे।
ये सारे ऐसे नाम हैं, जिनके बारे में लोग काफी हद तक जानते हैं। लेकिन, घोषणा हुई नितिन नबीन के नाम की। शायद नितिन नबीन को भी अंदाजा नहीं होगा कि वे दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी के वर्किंग प्रेसिडेंट बन गए हैं।