निशांत की 'सद्भाव यात्रा': पिता नीतीश कुमार का आशीर्वाद लेकर यात्रा पर निकले निशांत, कहा-सबको साथ लेकर चलना है

निशांत रविवार की सुबह यात्रा पर निकल गए हैं। 'सद्भाव यात्रा' पर निकलने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया और आज से अपनी बिहार यात्रा की शुरुआत की।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 03, 2026, 12:02:00 PM

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज  से 'सद्भाव यात्रा' पर निकल रहे हैं। उनकी यह यात्रा वाल्मीकिनगर से शुरू होगी। निशांत रविवार की सुबह यात्रा पर निकल गए हैं। 'सद्भाव यात्रा' पर निकलने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया और आज से अपनी बिहार यात्रा की शुरुआत की।  निशांत की यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। कार्यकर्ताओं ने शंखनाद कर, बिगुल बजाकर स्वागत किया।

निशांत 3 मई को पटना से सड़क मार्ग के जरिए वाल्मीकिनगर पहुंचकर इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। वह बिहार यात्रा के लिए पटना से रवाना हो चुके हैं। इस दौरान  निशांत ने कहा कि हमने इसका नाम सद्भाव यात्रा दिया है। इसका यही मतलब है कि सबको साथ लेकर चलना है। गांधी जी ने भी अपनी यात्रा की शुरुआत पूर्वी चंपारण से की थी। साथ ही पिताजी ने भी वहीं से यात्रा शुरू की थी। ऐसे में निशांत भी वहीं से यात्रा शुरू करने जा रहे हैं।

जिस रथ से निशांत यात्रा करेंगे उसमें किसी तरीके का कोई बदलाव नहीं किया गया है। निशांत की कोई ब्रांडिंग नहीं की गई है। ये वही निश्चय रथ है, जिससे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यात्रा पर निकलते थे। यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जदयू कार्यालय में सुबह से ही युवाओं की भीड़ जुटी रही, जो इस अभियान को लेकर बेहद उत्साहित हैं। 

निशांत कुमार 3 मई को सद्भाव यात्रा के पहले दिन सुबह 11:15 बजे पटना के 7 सर्कुलर रोड से रवाना होंगे और 11:30 बजे सारण के बजरंग चौक ओवरब्रिज पर उनका स्वागत होगा। इस दौरान सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, लौरिया और बगहा जैसे स्थानों पर कार्यकर्ता और समर्थक उनका अभिनंदन करेंगे। शाम 4:00 बजे बेतिया के हरिवाटिका चौक पर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे, फिर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते हुए रात 8:15 बजे वाल्मीकिनगर में विश्राम करेंगे।

इसके बाद 4 मई की सुबह वे वाल्मीकिनगर से बेतिया पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। इस यात्रा में जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, संबंधित क्षेत्रों के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पंचायत स्तर तक के पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे।

बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत आज यानि 3 मई से अपनी चार महीने लंबी 'सद्भाव यात्रा' का आगाज करेंगे। इस यात्रा के दौरान वे नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। निशांत कुमार इस यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर समाधान की कोशिश करेंगे। इस यात्रा का प्राथमिक लक्ष्य जेडीयू के जमीनी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना और आम जनता से सीधा संपर्क स्थापित करना है।

निशांत की यात्रा का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

यात्रा के लिए आज 11 बजे जेडीयू कार्यालय से निकलेंगे निशांत

यात्रा के दौरान निशांत का कई जगह पर स्वागत होगा

बजरंग चौक (आवर ब्रिज) पर स्वागत, वैशाली जिला कार्यालय (जेल गेट के पास) स्वागत, सकरी चौक, मुजफ्फरपुर में स्वागत, महेंद्र चौक, मंगराही (पूर्वी चंपारण) स्वागत

4:00 बजे निशांत बेतिया में हरिवाटिका चौक पर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण

4:15 बजे बाजार समिति में महेंद्र बैठा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे

04:45 बजे में लौरिया नंदनगढ़ में अशोक स्तंभ व बौद्ध स्थल का निरीक्षण

5:50 में बगहा अनुमंडल कार्यालय के पास आगमन, अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण

06:05 में  SSB कैंप के पास स्वागत

06:30 बजे में लक्ष्मीपुर गांव में जनजाति समाज से मुलाकात

7:15 बजे में बाबा कालेस्वरनाथ मंदिर दर्शन

7:25 बजे गंडक बैराज का निरीक्षण

08:15 बजे में पार्टी नेताओं से मुलाकात और रात्रि विश्राम

4 मई को सुबह 6 बजे ही निकलेंगे निशांत

सुबह 6  बजे वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी घूमेंगे

इसके बाद महर्षि वाल्मीकि प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे

10:30 बजे  नर देवी मंदिर दर्शन, 10:40 में वाल्मीकिनगर से बेतिया के लिए प्रस्थान

1 बजे बेतिया बापू सभागार में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद।