बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज से 'सद्भाव यात्रा' पर निकल चुके हैं। निशांत ने पश्चिमी चंपारण से इस यात्रा की शुरुआत की है। इस यात्रा को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। निशांत कुमार का काफिला हाजीपुर पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने जेसीबी (बुलडोजर) पर चढ़कर उन पर फूलों की भारी बारिश की। वहीं निशांत ने भी कार्यकर्ताओं अभिवादन स्वीकार किया।
दरअसल निशांत का काफिला जैसे ही हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 पर स्थित दिग्घी के पास पहुंचा तो हजारों कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का भव्य स्वागत किया। वहां बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और आम जनता ने गर्मजोशी से निशांत का स्वागत किया और आशीर्वाद के साथ यात्रा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। सद्भाव यात्रा के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) का झंडा लहराकर निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं एवं आम जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान पूरा इलाका 'निशांत भैया जिंदाबाद' और 'नीतीश कुमार जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने निशांत को फूल मालाओं से लाद दिया। भारी भीड़ को देखते हुए निशांत कुमार ने अपने वाहन (रथ) की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। हालांकि उन्होंने नीचे उतरकर कुछ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद भी किया, लेकिन अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण सुरक्षा घेरा बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया था। निशांत ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर सभी का आभार प्रकट किया, जिसके बाद उनकी यात्रा का काफिला मुजफ्फरपुर की ओर बढ़ गया।
निशांत कुमार 3 मई को सद्भाव यात्रा के पहले दिन पटना से रवाना हुए। इस दौरान सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया, लौरिया और बगहा जैसे स्थानों पर कार्यकर्ता और समर्थक उनका अभिनंदन करेंगे। शाम 4:00 बजे बेतिया के हरिवाटिका चौक पर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे, फिर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होते हुए रात 8:15 बजे वाल्मीकिनगर में विश्राम करेंगे।
बता दें कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत आज यानि 3 मई से अपनी चार महीने लंबी 'सद्भाव यात्रा' का आगाज किया है। इस यात्रा के दौरान वे नीतीश कुमार के पिछले 20 वर्षों के विकास कार्यों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। निशांत कुमार इस यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर समाधान की कोशिश करेंगे। इस यात्रा का प्राथमिक लक्ष्य जेडीयू के जमीनी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना और आम जनता से सीधा संपर्क स्थापित करना है।