बिहार में विभागों का नया बंटवारा: विजय सिन्हा को नगर विकास एवं आवास विभाग, दिलीप जायसवाल संभालेंगे पथ निर्माण विभाग का प्रभार

नितिन नवीन बिहार सरकार में दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग था। पार्टी में नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल से हटने का निर्णय लिया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 16, 2025, 7:18:00 PM

बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी और अहम खबर है, जो पटना से सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद लिया है।

नितिन नवीन बिहार सरकार में दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग था। पार्टी में नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल से हटने का निर्णय लिया।

नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद इन दोनों विभागों की जिम्मेदारी फिलहाल दो बीजेपी नेताओं को सौंपी गई है।

पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी अब दिलीप जायसवाल को दी गई है। दिलीप जायसवाल पहले से ही उद्योग विभाग संभाल रहे हैं और अब पथ निर्माण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी विजय कुमार सिन्हा को सौंपी गई है। विजय सिन्हा पहले से ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और खनन विभाग के मंत्री हैं। अब वे नगर विकास और आवास विभाग भी संभालेंगे। सरकार की ओर से साफ किया गया है कि जब तक मंत्रिमंडल में नए मंत्री शामिल नहीं होते, तब तक ये दोनों नेता इन विभागों का काम देखेंगे।

नितिन नवीन लंबे समय से बीजेपी के एक सक्रिय और प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। संगठन और सरकार, दोनों में उनकी मजबूत पकड़ रही है। मंत्री रहते हुए उन्होंने सड़कों के निर्माण, शहरी विकास, आवास योजनाओं और नगर निकायों को मजबूत करने के लिए कई अहम काम किए। उनके कार्यकाल को विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

बीजेपी नेतृत्व द्वारा उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना यह दिखाता है कि पार्टी को उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा है। अब देखना होगा कि संगठन में उनकी नई भूमिका बिहार की राजनीति को किस दिशा में आगे ले जाती है।