नीट (NEET-UG 2026) परीक्षा को लेकर देशभर में बवाल मचा है। पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दिया गया है। इस मामले पर सियासत भी खूब हो रही है। विपक्षी पार्टियां नीट पेपर लीक को लेकर मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है। अब इस मामले पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सरकार पर निशाना साधा है और पीएम मोदी से पूछा है कि क्या कभी पेपर लीक पर भी बोलेंगे प्रधानमंत्री ?
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-क्या कभी पेपर लीक पर भी बोलेंगे प्रधानमंत्री ? हमारे प्रधानमंत्री जी चर्चा करने का मौका व मुद्दा ढूंढ निकालने के लिए ही जाने जाते हैं, अभी मौका भी मुफीद है और मुद्दा भी देश के युवाओं के भविष्य से सीधे तौर पर जुड़ा है , ऐसे में काश प्रधानमंत्री जी कभी "पेपर लीक" पर भी एक चर्चा कर लेते या फिर अपने अगले 'मन की बात' में पेपर लीक से लाखों छात्रों के भविष्य पर मंडराते संकट की बात कर लेते !!
रोहिणी ने आगे लिखा है-प्रधानमंत्री जी..अगर आप परीक्षा पर चर्चा करते आए हैं , तो पेपर लीक पर चर्चा करने से क्यों बच रहे हैं ? प्रधानमंत्री जी .. आपकी सरकार के 12 सालों के शासनकाल में 90+ बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक हुआ और इस पर आप कभी कुछ नहीं बोल पाएं हैं। क्या सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देश में युवाओं के भविष्य के साथ होता ये निरंतर खिलवाड़ आपके लिए कोई अहमियत नहीं रखता है या फिर कहीं ऐसा तो नहीं कि पेपर लीक का ये गोरखधंधा आपकी जानकारी में, आपकी ही सहमति से, आपकी ही सरकार की सरपरस्ती में परवान चढ़ रहा है ?