'मोदी जी, खाली जुबानी खर्च करने से देश नहीं चलता' NEET परीक्षा रद्द होने पर भड़के तेजस्वी यादव

केंद्र सरकार ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। इस मामले को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 12, 2026, 4:20:00 PM

केंद्र सरकार ने  NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर  दिया है।  परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी।  पेपर लीक के बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया है। इस मामले को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है और कहा है कि 23 लाख छात्रों के भविष्य से एक बार फिर खिलवाड़ किया गया। बिहार और देश में पेपर लीक का अंतहीन सिलसिला खत्म ही नहीं हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा है-पेपर लीक के कारण 2026 की परीक्षा रद्द कर दी गई है। 23 लाख छात्रों के भविष्य से एक बार फिर खिलवाड़ किया गया। बिहार और देश में पेपर लीक का अंतहीन सिलसिला खत्म ही नहीं हो रहा है। क्या भाजपा की सरकारों में इतनी भी प्रशासनिक क्षमता, योग्यता, इच्छाशक्ति व कौशल नहीं है कि एक सामान्य परीक्षा को बिना पेपर लीक हुए सुनियोजित ढंग से आयोजित कर सके या फिर ये भी कोई “संयोग और प्रयोग वाला दांव” है जिससे देश की रुलाई में भी सत्ता की मलाई मिलती रहे।

तेजस्वी ने सरकार की नीति और नीयत पर सवाल उठाते हुए लिखा है-सत्ता संरक्षण में लगातार होते “पेपर लीक” से सरकार की नीति और नीयत पर ही सवाल उठ रहा है। दिखावटी जाँच की औपचारिकता की बजाय सरकार को “आत्मनिरीक्षण” करने की जरूरत है। ख़ुद से ये सवाल करने की ज़रूरत है कि “क्या हम देश के साथ सही कर रहे हैं?

अब जब 23 लाख छात्र पुनर्परीक्षा देंगे, दुबारा देशभर के विभिन्न 552 शहरों के सैंकड़ों परीक्षा केंद्रों पर जाएंगे तब कितने लाखों लीटर पेट्रोल-डीजल-तेल की बर्बादी होगी। छात्रों, उनके परिजनों और अभिभावकों को आर्थिक नुकसान एवं शारीरिक और मानसिक कष्ट होगा? क्या प्रधानमंत्री जी ने इसका मूल्यांकन और विश्लेषण किया है? 

वहीं आखिर में पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा-प्रधानमंत्री जी, खाली जुबानी खर्च करने से देश नहीं चलता, शासन-प्रशासन में पारदर्शिता के साथ जवाबदेही तय होती है लेकिन इनका उद्देश्य तो आम लोगों को पीड़ा देने के अलावा सभी संस्थानों का प्रयोग विपक्षी दलों के लिए करना होता है।

बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने  नीट (NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला सामने आने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है।  परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। जहां 22 लाख से अधिक कैंडिडेट्स नीट यूजी 2026 एग्जाम में शामिल हुए थे। अब सभी कैंडिडेट्स के लिए NTA दोबारा से नीट यूजी 2026 का आयोजन करेगा, जिसकी तारीख का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।