NEET छात्रा रेप-मौत केस, जहानाबाद में पीड़िता के घर पहुंची CBI, हॉस्टल से 5 बोरी दस्तावेज जब्त

NEET छात्रा रेप-मौत मामले में CBI लगातार एक्शन मोड में है। रविवार सुबह करीब 8 बजे CBI की 20 सदस्यीय टीम जहानाबाद स्थित छात्रा के घर पहुंची

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 15, 2026, 11:07:00 AM

NEET छात्रा रेप-मौत मामले में CBI लगातार एक्शन मोड में है। रविवार सुबह करीब 8 बजे CBI की 20 सदस्यीय टीम जहानाबाद स्थित छात्रा के घर पहुंची। टीम ने परिजनों से लंबी पूछताछ की और घटना से जुड़े हर पहलू की जानकारी ली। परिवार से छात्रा की दिनचर्या, किसी विवाद, दबाव या धमकी को लेकर सवाल पूछे गए।

इससे पहले शनिवार को CBI ने शंभू गर्ल्स हॉस्टल में करीब साढ़े तीन घंटे तक गहन जांच की। छात्रा के कमरे से लेकर हॉस्टल परिसर तक हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। कमरे में रखी किताबें, कॉपियां, डायरी, कपड़े, दरवाजे-खिड़की, फर्श और अन्य सामान से सैंपल जुटाए गए। CBI ने पांच बोरी दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनमें रजिस्टर, उपस्थिति रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात शामिल बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान CBI ने छात्रा की सभी नोटबुक और डायरी को पेज-दर-पेज खंगाला। यह देखा गया कि कहीं उसने किसी दबाव, धमकी, रिश्ते या मानसिक तनाव का जिक्र तो नहीं किया। पन्नों की लिखावट, दबाव के निशान यानी इंडेंटेशन और संभावित छिपे नोट्स की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

CBI ने घटना के दिन हॉस्टल में मौजूद लोगों की सूची भी खंगाली और SIT से पूछताछ की कि जांच में कहां-कहां चूक हुई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रा को कथित तौर पर ले जाने से पहले का CCTV फुटेज कहां है। मौके पर मौजूद SIT अधिकारियों से भी इसी मुद्दे पर जवाब तलब किया गया।

फिलहाल CBI हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।