भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने में लगी है। हाल ही में चार प्रमुख राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद पार्टी ने एक और बड़ा फैसला लिया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने वरिष्ठ नेता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का नया राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किया है। राष्ट्रीय संगठक बनाए जाने पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को बधाई दी और कहा है कि आपके अनुभव और समर्पण से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
वरिष्ठ नेता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को पार्टी का नया राष्ट्रीय संगठक नियुक्त किए जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी द्वारा बिहार भाजपा के संगठन मंत्री रहे, आदरणीय श्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी जी को भाजपा का राष्ट्रीय संगठक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
सम्राट चौधरी ने आगे लिखा है कि आपके दीर्घ संगठनात्मक अनुभव, समर्पण एवं कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद की भावना से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्राप्त होगी। आपके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी उन्होंने बिहार और झारखंड में संगठन को मजबूत बनाने में त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और अब राष्ट्रीय स्तर पर उनके अनुभव एवं संगठन कौशल का लाभ पार्टी कार्यकर्ताओं को मिलेगा।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को बड़ी जिम्मेदारी दी है। नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठनक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में इस नियुक्ति की घोषणा की गई है। इस नई जिम्मेदारी के तहत उनका मुख्य कार्यक्षेत्र देश की राजधानी दिल्ली रहेगा। इस नियुक्ति से पहले तक वह बिहार और झारखंड राज्यों में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठनक (वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) की जिम्मेदारी सौंपी है।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बैकग्राउंड से आने वाले नागेंद्र नाथ त्रिपाठी लंबे समय तक बिहार और झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के रूप में दोनों राज्यों में पार्टी के आधार को मजबूत किया। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी के बीच बेहतर तालमेल बिठाने, चुनावी खाका तैयार करने और राज्यों में पार्टी का दायरा बढ़ाने का बड़ा जिम्मा होता है। इससे पहले वे लगभग आठ सालों तक उत्तर प्रदेश सबसे महत्वपूर्ण राज्य में भी बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री की कमान संभाल चुके हैं। उनके इसी लंबे सांगठनिक अनुभव को देखते हुए अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी भूमिका सौंपी गई है।