वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को पुलिस ने 'हाउस अरेस्ट' कर लिया है। साथ ही उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जाने पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। इसको लेकर VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि यह लोकतंत्र पर हमला है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शाहजहांपुर और अन्य जनपदों के प्रस्तावित दौरे से रोकना 'अघोषित आपातकाल' जैसा है।
शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक की तरफ से जारी लेटर में निर्देश दिया गया है कि मुकेश सहनी के जनपद भ्रमण से कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है, जिसके चलते उन्हें लखनऊ में ही रोके जाने की बात कही गई है और उनके आवागमन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी की ओर से जारी बयान के आधार पर यह दावा किया गया है।
मुकेश सहनी ने खुद को "हाउस अरेस्ट" किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है और अघोषित आपातकाल है। उन्होंने कहा कि सरकार अब लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा रही है, जो सीधे तौर पर लोकतंत्र पर हमला है। यदि किसी जनप्रतिनिधि को अपने कार्यक्रम में जाने से रोका जाता है तो यह स्पष्ट करता है कि सरकार चर्चा और संवाद से भाग रही है।
मुकेश सहनी ने निषाद समाज की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। यूपी सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि निषाद समाज अब जाग चुका है और अपने सम्मान और अधिकारों की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेगा। साथ ही मुकेश सहनी ने कहा कि अधिकारों की लड़ाई आखिरी दम तक जारी रहेगी।