कैदी वार्ड से बेऊर जेल शिफ्ट हुए सांसद पप्पू यादव, पटना कोर्ट में जमानत पर सुनवाई कल

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के पीएमसीएच अस्पताल के कैदी वार्ड से बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 08, 2026, 7:12:00 PM

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के पीएमसीएच अस्पताल के कैदी वार्ड से बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया है। पटना पुलिस ने शुक्रवार आधी रात को उन्हें 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया था। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सांसद पप्पू यादव की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराय गया था। बताया जा रहा है कि उनकी सेहत में सुधार होने के बाद रविवार को बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया गया। सांसद की जमानत अर्जी पर सोमवार को पटना के एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट में सुनवाई होगी।

दरअसल, सांसद पप्पू यादव को पटना के मंदिरी आवास पर 6 जनवरी की आधी रात को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले मौके पर खूब हंगामा हुआ। पप्पू यादव और उनके समर्थक पुलिसकर्मियों से वारंट को लेकर बहस करने लगे। रात 11 बजे सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस सांसद को गिरफ्तार कर आईजीआईएमएस लेकर गई।

रात करीब 12 बजे उन्हें आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात भर वे स्ट्रेचर पर ही रहे। 7 फरवरी की सुबह उन्हें मेडिकल जांच के लिए पीएमसीएच लाया गया। वहां उन्हें सीने में दर्द की शिकायत होने लगी तो पुलिस सुबह 11 बजे उन्हें पीएमसीएच से इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान लेकर गई। वहां चेकअप के बाद दोपहर सवा 12 बजे पप्पू यादव को एंबुलेंस में पटना सिविल कोर्ट परिसर में ले जाया गया।

पप्पू यादव को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद अदालत ने उनकी जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई तय करने का आदेश देते हुए पप्पू यादव को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सांसद की ओर से कहा गया कि उनकी तबीयत खराब है। इस पर अदालत ने पप्पू यादव का समुचित इलाज कराने के निर्देश भी दिए।

दोपहर बाद पुलिस एंबुलेंस से ही कोर्ट से उन्हें बेऊर जेल ले गई। वहां से उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रविवार को उनकी तबीयत में सुधार आने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर पप्पू यादव को बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया है। अब सोमवार को उन्हें फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनकी जमानत पर सुनवाई होगी।