मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर, एक की मौत, कई लोगों की आंखों की रोशनी गई, अस्पताल में भर्ती

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बार फिर जहरीली शराब कांड की खबर सामने आई है, जिसने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Apr 02, 2026, 2:45:00 PM

पूर्वी चंपारण जिले से एक बार फिर जहरीली शराब कांड की खबर सामने आई है, जिसने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में कथित रूप से स्प्रिट पीने से एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पंचायत निवासी चंदू, जो पेशे से टेम्पू चालक था, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने जहरीली शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई।

वहीं इस घटना में बालगंगा गांव के लोहा सिंह और लड्डू साह उर्फ जितेंद्र शाह की हालत गंभीर हो गई थी। दोनों को आनन-फानन में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया। रघुनाथपुर थाना की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में अवैध शराब के नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब बेचने वाले की पहचान कर ली है और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इलाके में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।

यह घटना एक बार फिर अवैध शराब के खतरनाक कारोबार और उससे होने वाले जानलेवा परिणामों की ओर इशारा करती है, जिससे निपटना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।