MLC चुनाव से पहले BJP-JDU में अनबन ? संजय झा ने दे दिया जवाब, नीतीश कुमार पर ऐसा कहा

बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो गया है। एमएलसी चुनाव को लेकर BJP-JDU में अनबन की स्थिति पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा का बयान सामने आया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 01, 2026, 6:25:00 PM

बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो गया है, इसमें एक सीट पर उप चुनाव हो रहा है। एमएलसी की खाली होने वाली विधानसभा कोटे की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है। वहीं एमएलसी चुनाव को लेकर  BJP-JDU में अनबन की स्थिति पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा का बयान सामने आया है। 

राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि जदयू और बीजेपी साथ हैं।  आगे भी दोनों पार्टी का तालमेल यूं ही बना रहेगा और इसीलिए कुछ लोगों को परेशानी है।  उन्होंने कहा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं, लेकिन ऐसा कुछ है नहीं है। हम लोगों के तालमेल से लोगों को परेशानी है। परेशानी किस बात का है? जनता का आशीर्वाद मिला होगा तब न मिली है 202 सीट।  

संजय झा ने विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी सरकार 20 साल चली हो, उसके बाद भी इतना बड़ा जनादेश मिला हो मुझे तो कहीं ऐसा नहीं दिखाई देता। JDU ने भी अपना सर्वोच्च प्रदर्शन किया। 101 सीट पर लड़े और 85 सीट जीते। गठबंधन का कोऑर्डिनेशन इतना परफेक्ट था कि तब ऐसा रिजल्ट मिला है।  रिजल्ट से विनम्रता आती है, घमंड नहीं आता। 

नीतीश कुमार को लेकर जदयू सांसद ने कहा कि आज भी बिहार में जो सरकार चल रही है वो नीतीश कुमार के दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ रही है।  इस सरकार में भी JDU एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।  केंद्र में भी हमारा सहयोग है सरकार चलाने में है।  हम लंबे समय से साथ हैं।  दिल्ली से भी हम बिहार के लिए क्या कर सकते हैं उसपर भी नीतीश कुमार का ध्यान रहता है। 

बता दें कि बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो गया। एक सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के त्यागपत्र देने के कारण उप चुनाव कराया जा रहा है। शेष 9 सीटों पर चुनाव होगा, जिनमें एक सीट मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा रिक्त की गई है। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। इसके अगले दिन यानी 9 जून को सभी दाखिल नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून निर्धारित है। यदि आवश्यक हुआ, तो इन सभी सीटों के लिए 18 जून को सुबह से मतदान कराया जाएगा और उसी दिन चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।