राबड़ी देवी के आवास पर CM सम्राट ने भेजा फोर्स! नीतीश कुमार ने लेसी सिंह को बुलाया, मंत्री ने सौंपी रिपोर्ट, क्या बोल रही..

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करने को लेकर बिहार में सियासत उफान पर है। इसी बीच भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेसी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है और पूरे मामले की जानकारी दी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 02, 2026, 11:39:00 AM

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं करने को लेकर बिहार में सियासत उफान पर है। इसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग तेज है। सत्ता पक्ष का कहना है कि राबड़ी देवी को किसी भी स्थिति में आवास खाली करना होगा। वहीं राजद का कहना है कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। इसी बीच भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेसी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  से मुलाकात की है और पूरे मामले की जानकारी दी है। इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

दरअसल मंगलवार को भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेसी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को लेकर चल रहे विवाद को लेकर नीतीश कुमार ने मंत्री लेसी सिंह को बुलाया था। मुलाकात के दौरान भवन निर्माण विभाग की ओर से अब तक की गई कार्रवाई, नोटिस और कानूनी प्रक्रिया की पूरी जानकारी उन्हें दी गई। माना जा रहा है कि इस दौरान बंगला विवाद के अलावा कई अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

बैठक से बाहर निकलने के बाद मंत्री लेसी सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि मुलाकात में कई विषयों पर चर्चा हुई है, जिनमें कुछ राजनीतिक मुद्दे भी शामिल हैं। ऐसे मामलों की जानकारी सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा। राबड़ी देवी आवास विवाद पर मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि सरकार नियम और कानून के आधार पर काम कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है और यदि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवास खाली नहीं किया जाता है तो सरकार विधि सम्मत कार्रवाई करेगी।

वहीं इस मुद्दे पर आरजेडी  के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है और विपक्ष को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि बिहार सरकार नफरत की राजनीति कर रही है। NDA के कई बड़े नेता अवैध तरीके से सरकारी आवास में रह रहे हैं।  राबड़ी देवी को जानबूझकर तंग किया जा रहा है।  आयोग के सदस्य को किस हैसियत से सरकारी आवास दिया गया है। सरकार को यह भी बताना चाहिए। 

बता दें कि बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को खाली करने के आदेश पर सियासत तेज हो गई है। राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपना यह मौजूदा बंगला खाली नहीं करेंगी और सरकार चाहे तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले। खुली चुनौती के बाद  राबड़ी आवास के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए आखिरी अल्टीमेटम दिया गया है। आवास खाली नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। पटना जिला प्रशासन की तरफ से दिए नोटिस के अनुसार राबड़ी देवी को 15 दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करना होगा। पटना जिला प्रशासन ने 39 हार्डिंग रोड में शिफ्ट होने के लिए अनुरोध किया है आवास खाली नहीं करने पर 15 दिनों के बाद राबड़ी देवी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।