मंत्री दीपक प्रकाश की बच गई कुर्सी, आज लेंगे शपथ, सीएम सम्राट ने क्या कहा?

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की कुर्सी बच गई है। राज्यपाल कोटे से वह विधान परिषद में मनोनीत कर दिए गए हैं। मनोनीत किए जाने के बाद मंत्री दीपक प्रकाश गुरुवार को विधान परिषद सदस्य की शपथ लेंगे।

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की कुर्सी बच गई है। राज्यपाल कोटे से वह विधान परिषद में मनोनीत कर दिए गए हैं। मनोनीत किए जाने के बाद मंत्री दीपक प्रकाश गुरुवार को विधान परिषद सदस्य की शपथ लेंगे। आज शाम 5 बजे बिहार विधान परिषद में शपथ ग्रहण होगा। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह दीपक प्रकाश को एमएलसी पद की शपथ दिलाएंगे। पिछले 8 महीने से वो बिना किसी सदन के सदस्य मंत्री बने थे। ऐसे में दीपक प्रकाश की मंत्री पद की कुर्सी बच गई है। बीजेपी एमएलसी देवेश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर उन्हें मनोनयन मिला है। सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान के बाद अब दीपक प्रकाश उच्च सदन के सदस्य बनेंगे।  

बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है।  सर्वोच्च अदालत में अगली सुनवाई होती, उससे पहले दीपक प्रकाश को विधान परिषद में मनोनीत किया गया। वह अब तक विधानसभा या विधान परिषद के किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे।   वह राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं।    दीपक प्रकाश नवंबर 2025 में पहली बार बिहार सरकार में मंत्री बने थे।   इसके बाद 8 महीने से ज्यादा समय तक वह विधानसभा  और विधान परिषद, दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं रहे।   इसके बावजूद वह मंत्री पद की जिम्मेदारी निभाते रहे।   

दीपक प्रकाश की मंत्री के तौर पर नियुक्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।  उनकी नियुक्ति को लेकर कानूनी सवाल उठाए गए थे, क्योंकि वह उस समय किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे।  भारतीय संविधान के तहत कोई व्यक्ति मंत्री तो बन सकता है, लेकिन उसे निर्धारित अवधि के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक होता है। 

वहीं बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश के राज्यपाल द्वारा विधान परिषद के लिए मनोनीत किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बधाई दी है। सीएम सम्राट ने एक्स पर लिखा है-बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश जी को बिहार विधान परिषद् का सदस्य मनोनीत किए जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप जनसेवा के प्रति अपने समर्पण, कर्मठता और प्रतिबद्धता से ‘विकसित भारत, समृद्ध बिहार’ के संकल्प को और अधिक सशक्त करेंगे। आपके सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।

वहीं बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने राज्यपाल द्वारा विधान परिषद के लिए मनोनीत किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वह पहले से अधिक प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करेंगे। पंचायती राज विभाग के मंत्री के रूप में जिस जवाबदेही के साथ अब तक कार्य कर रहे थे, अब उसी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती तथा समर्पण के साथ निभाएंगे।