पटना : भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने बिहार समेत चार राज्यों में विधान परिषद चुनाव की घोषणा कर दी। बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव की अधिकारिक टाइम-टेबल जारी कर दी गई। ये चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण आयोजित किया जा रहा है। आयोग के अनुसार बिहार (8), कर्नाटक (4), महाराष्ट्र (5) और उत्तर प्रदेश के 11 सदस्यों की कार्यकाल समाप्त होने से सीटें खाली हो रही हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही इन निर्वाचन क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।
MLC चुनाव का पूरा कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग की जारी नोटिस के मुताबिक, चुनावों की औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर यानि मंगलवार को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद सात अक्टूबर को नामांकनों की जांच होगी और उम्मीदवार नौ अक्टूबर 2026 तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान और मतगणना की तारीखें
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत चारों राज्यों की संबंधित स्नातक और शिक्षक सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी और 31 अक्टूबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
आचार संहिता लागू
आयोग के सचिव सुमन कुमार दास की ओर से जारी इस आदेश के तहत संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। आयोग ने कहा कि चुनाव से संबंधित सभी नियम और निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और सभी पक्षों को इनका कड़ाई से पालन करना होगा।
बिहार के इन सीटों पर चुनाव
पटना स्नातक - नीरज कुमार
दरभंगा स्नातक - सर्वेश कुमार
तिरहुत स्नातक - बंशीधर ब्रजवासी
कोशी स्नातक - डॉ. एनके यादव
पटना शिक्षक - नवल किशोर यादव
दरभंगा शिक्षक - डॉ. मदन मोहन झा
तिरहुत शिक्षक - संजय कुमार सिंह
सारण शिक्षक - अफाक अहमद