राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने फरक्का बैराज मामले पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के ऊपर करारा हमला किया है। लालू ने उनको नौसिखिया कहा है। दरअसल पूरा मामला फरक्का बैराज से जुडा हुआ है।
शनिवार को संसद में दिए गए अपनी पुरानी स्पीच को शेयर करते हुए लालू प्रसाद यादव ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि फरक्का बैराज के विषय पर नीतीश कुमार के ऐसे नौसिखिए बोल रहे है, जिन्हें इस मुद्दे और विषय का कोई इतिहास- भूगोल मालूम नहीं! कोई समझ नहीं? हमने संसद में और राज्य में हमारी सरकार ने हर मंच पर हमेशा फरक्का बांध का कड़ा विरोध किया क्योंकि हमारी दूरदृष्टि ने गंभीरता से इससे बिहार को होने वाले नुक़सान और खतरे को पहचान लिया था।
नीतीश कुमार ने पार्लियामेंट में इस विषय पर कभी एक शब्द नहीं बोला, बोलेंगे भी क्यो? उन्होंने जीवन में कभी भी दीर्घकालिक नहीं बल्कि क्षणिक लाभ के लिए सदैव तात्कालिक मुद्दों की सहूलियत भरी राजनीति की है।
नीतीश कुमार के खेवनहार बने नौसिखियों को ज्ञानार्जन के लिए जल संसाधन विभाग, बिहार जाकर गंगा नदी में जल उपलब्धता की कमी, बांग्लादेश के साथ अन्तरराष्ट्रीय संधि के दुष्प्रभाव और तत्कालीन राज्य सरकार के प्रयास एवं सिंचाई मंत्री जगदानंद सिंह के केंद्र सरकार के साथ पत्राचार को पढ़ना चाहिए।